नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच हुए गठबंधन के बाद अब आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच भी गठबंधन हो गया है। यह गठबंधन सिर्फ दिल्ली तक सीमित नहीं होगा, बल्कि गुजरात, गोवा, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी दोनों दल मिलकर चुनाव लड़ेंगे। पंजाब में दोनों दल आपसी सहमति के मुताबिक अलग अलग चुनाव लड़ेंगे।
सूत्रों के अनुसार, दोनों दलों में जो सहमति बनी है, उसके अनुसार दिल्ली में 4/3 की फार्मूले पर चुनाव लड़ा जाएगा। दिल्ली की 04 सीटों नई दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली और उत्तर पश्चिम दिल्ली पर आम आदमी पार्टी चुनाव लड़ेगी तो कांग्रेस को पूर्वी दिल्ली, उत्तर-पूर्वी और चांदनी चौक सीट पर चुनाव लड़ेगी।
सूत्रों के अनुसार आप ने साफ कर दिया था कि सिर्फ दिल्ली में गठबंधन नहीं होगा, इसे अन्य राज्यों (जहां आम आदमी पार्टी का भी असर है) में भी करना होगा, जिसके बाद गुजरात में दो और हरियाणा में एक सीट आप को देने पर सहमति बनी। गुजरात की भरूच और भावनगर सीट पर आप चुनाव लड़ेगी। इसके अलावा हरियाणा की भी एक सीट पर आप चुनाव लड़ेगी।
आप चंडीगढ़ सीट कांग्रेस को देने के लिए तैयार हो गयी है। आम आदमी पार्टी ने दक्षिण गोवा पर भी अपना दावा छोड़ने का फैसला लिया है। पंजाब में दोनों दल अलग-अलग ही चुनाव लड़ेंगे।