मथुरा। गौ माता को राष्ट्रीय दर्जा दिए जाने व गौ हत्या रोके जाने को लेकर शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज पैदल संकल्प यात्रा में परिक्रमा करते हुए राधाकुंड पहुंचे। राधाकुंड संगम पर आचार्य विष्णु शुक्ला ने विधि विधान से पूजा अर्चना कराई। राधा गोविंद देव मंदिर बड़ी कुंज में शंकराचार्य ने ठाकुर जी के दर्शन किए। पैदल यात्रा में गौ माता को राष्ट्रीय दर्जा दो के नारे लगाते हुए गौ भक्त चल रहे थे। गुरुवार को संकल्प यात्रा ने गिरिराज जी की बड़ी परिक्रमा की थी।
शंकराचार्य ने कहा कि गाय पूज्यनीय है। इसमें 33 कोटि देवता वास करते हैं। भारत सरकार गाय को राष्ट्र माता का दर्जा दे, साथ ही गो हत्या पर कठोर क़ानून बनाए। जब इंद्र ने ब्रज और गायों पर वर्षा के माध्यम से कोप किया था तो गिरिराज जी ने गायों की रक्षा की थी। संकल्प यात्रा के माध्यम से पूजा अर्चना कर गायों की रक्षा के लिए प्रार्थना की गई है। उन्होंने कहा कि 75 वर्ष की सरकारों में कोई भी अभी तक गौ हत्या को नहीं रोक पाया है। यात्रा का आगामी पड़ाव बरसाना होगा। शंक्राचार्य का स्थानीय लोगों ने स्वागत किया।
इस दौरान विष्णु रावत, महेंद्र गोस्वामी, गिरीश मिश्रा, रमाकांत, दान बिहारी शुक्ला, पंडित उत्तम शर्मा, पप्पन शुक्ला, चेयरमैन प्रतिनिधि विकास तंवर, अमित गोस्वामी, श्रीधर पाठक, श्रेयस शर्मा व बाबू पुरोहित आदि उपस्थित रहे।