नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को जाने माने रेडियो होस्ट अमीन सयानी के निधन पर शोक जताया और कहा कि उनकी मखमली आवाज में ऐसा आकर्षण था जिसने उन्हें विभिन्न पीढ़ियों के बीच लोकप्रिय बना दिया। सयानी का 91 वर्ष की आयु में मुंबई में निधन हो गया। सयानी को मंगलवार रात दिल का दौरा पड़ा था जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में ही बुधवार को उनका निधन हो गया।
प्रधानमंत्री मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि रेडियो पर अमीन सयानी की मखमली आवाज में एक आकर्षण और गर्मजोशी थी, जिससे उन्होंने हर पीढ़ी के लोगों को अपना बना लिया। अपने काम के जरिए, उन्होंने भारतीय प्रसारण में क्रांति लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और अपने श्रोताओं के साथ बहुत ही मधुर संबंध स्थापित किया। उन्होंने कहा कि उनके निधन से दुखी हूं। उनके परिवार, प्रशंसकों और सभी रेडियो प्रेमियों के प्रति संवेदना। उनकी आत्मा को शांति मिले।