सिद्धार्थनगर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार लोकसभा सामान्य निर्वाचन-2024 को सकुशल सम्पन्न कराये जाने विभिन्न कर्मचारी संगठनो के पदाधिकारियों के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) उमाशंकर की अध्यक्षता एवं जिला विकास अधिकारी गोपाल प्रसाद कुशवाहा की उपस्थिति में वार्ता की गयी।
अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) उमाशंकर ने सभी कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारियों से अनुरोध किया कि लोकसभा सामान्य निर्वाचन-2024 देश का राष्ट्रीय महापर्व है। इसमें सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को आयोग के निर्देशानुसार अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए सकुशल, निष्पक्ष एवं शान्तिपूर्ण तरीके से निर्वाचन सम्पन्न कराये जाने की सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा दिये गये निर्देश के क्रम में निर्वाचन का कार्य सम्पन्न कराने में जिला निर्वाचन अधिकारी के ऊपर बहुत बड़ी जिम्मेदारी होती है। जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशानुसार जिला प्रशासन कार्य करता है।
उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि निर्वाचन की ड्यूटी काटने में जो महिला गम्भीर बीमारी से पीड़ित है या गर्भवती है तो जांचोपरान्त उसकी ड्यूटी काटी जा सकती है। ऐसे कर्मचारी जो पति-पत्नी इसी जनपद में कार्यरत है उनमें से एक की ड्यूटी काटी जा सकती है। छोटे बच्चों की मां की भी ड्यूटी कट सकती है। साथ ही साथ ऐसे कर्मचारी जो गम्भीर बीमारी से पीड़ित है उनकी मेडिकल टीम द्वारा दी गयी आख्या के अनुसार ड्यूटी काटी जा सकती है।