सिद्धार्थनगर। महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला द्वारा जिलाध्यक्ष भाजपा कन्हैया पासवान, मुख्य विकास अधिकारी जयेन्द्र कुमार की उपस्थिति में विकास भवन में राष्ट्रीय पोषण माह सितम्बर 2023 का फीता काटकर उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर बाल विकास विभाग द्वारा लगायी गयी पोषण से सम्बंधित सामग्री एवं रंगोली का अवलोकन किया गया।
इसके पश्चात उन्होंने अम्बेडकर सभागार में आशा, आंगनबाड़ी एवं स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से संवाद कार्यक्रम का दीप प्रज्ज्वलन कर शुभारम्भ किया। उन्होंने आंगनबाड़ी व आशा कार्यकत्रियों से पोषण से सम्बंधित संवाद भी किया, जिसमें आंगनबाड़ी, आशा कार्यकत्रियों एवं स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा राज्यमंत्री को पोषण के लिए किये जा रहे कार्यो के बारे में बताया गया।
उन्होंने उपस्थित सभी अधिकारियों आंगनबाड़ी, आशा कार्यकत्रियों एवं स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को सम्बोधित करते हुये कहा कि प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री नारी सशक्तिकरण के प्रति बेहद गम्भीर हैं। उन्होंने महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से उनके अधिकार एवं उनको सशक्त बनाने के लिए चलाया है। गरीब परिवार के बच्चे अच्छी शिक्षा से वंचित रह जाते थे, उनको आंगनबाड़ी केन्द्रों में दाखिला देकर अच्छी शिक्षा प्रदान कर निपुण लक्ष्य को प्राप्त कर रहे हैं।
राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि पोषाहार सभी लाभार्थियों को पहुंच जायेगा तभी हम देश को कुपोषण मुक्त बना सकते हैं। पोषण अभियान में श्री अन्न को भी शामिल करें और लोगों को इसके बारे में बतायें। सभी लोग अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करें तभी यह अभियान सफल होगा। उन्होंने आंगनबाड़ी केन्द्रों को गोद लेकर उनको विकसित करने की अपील की गयी। उन्होंने सभी को पोषण अभियान के लिए शपथ दिलाया।
इस अवसर पर कन्या जन्मोत्सव के तहत केक काटकर बच्चियों का जन्मदिन मनाया गया और उनको बेबी किट प्रदान किया गया। गर्भवती महिलाओं की गोद भराई तथा 06 माह के बच्चों को अन्नप्राशन कराया गया। सैम बच्चों को पोषाहार पोटली वितरित किया गया। पोषण कार्यक्रम में उत्कृष्ठ कार्य करने वाली 17 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के 10 बच्चों, कन्या सुमंगला योजना के 11लाभार्थियों तथा 03 स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को सम्मानित किया गया।
मुख्य विकास अधिकारी जयेन्द्र कुमार ने राज्यमंत्री को अवगत कराया कि जनपद के आंगनबाड़ी केन्द्रों को कायाकल्प के लिए चिन्हित किया गया है। आंगनबाड़ी केन्द्रों पर पोषण वाटिका भी विकसित किया गया है।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला प्रोवेशन अधिकारी विनोद राय, डीसीएनआरएलएम योगेन्द्र लाल भारती, समस्त बाल विकास परियोजना अधिकारी, आंगनबाड़ी, आशा कार्यकत्री एवं स्वयं सहायता समूह की महिलाएं आदि उपस्थित रही।