सीएम योगी ने की माँ शाकम्भरी देवी सिद्धपीठ खोल में अचानक जलप्रवाह के कारण हुई दुर्घटना की समीक्षा
सहारनपुर, संवाददाता। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद भ्रमण के दौरान बाबा भूरा देव मंदिर एवं माँ शाकम्भरी देवी मंदिर में मंत्रोच्चार के साथ पूजा अर्चना कर स्थलीय निरीक्षण किया। इसके पश्चात उन्होने माँ शाकम्भरी देवी खोल में अचानक जलप्रवाह के कारण हुई दुर्घटना के संबंध में बैठक की।
मण्डलायुक्त डॉ0 रूपेश कुमार एवं जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने पीपीटी के माध्यम से प्रस्तुतिकरण किया। पुलिस व्यवस्थाओं के दृष्टिगत पुलिस उप महानिरीक्षक अभिषेक सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन द्वारा जानकारी दी गयी।
मुख्यमंत्री ने एलिवेटेड रोड के निर्माण की प्रगति को जाना। उन्होंने निर्देश दिए कि अतिरिक्त श्रमिक लगाकर शारदीय नवरात्रि तक इसको पूर्ण करने का प्रयास किया जाए नहीं तो दिसंबर माह तक प्रत्येक दिशा में इसको अवश्य पूरा कर लिया जाए। इसके निर्माण में समयबद्धता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। जब तक पुल निर्माणाधीन है तक आम जनों के सुविधा के दृष्टिगत खोल के अंदर से आवागमन के लिए एक वैकल्पिक योजना बनाई जाए तथा चैनलाइज किया जाए।
सीएम योगी ने निर्देश दिए कि पार्किंग व्यवस्था को भूरा देव मंदिर के समीप उचित स्थान पर बनाया जाए। खोल में जल भराव होने की अवस्था में आम जनों को सुरक्षित रखने के दृष्टिगत खोल के दोनों तरफ बोल्डर का प्रयोग किया जाए। आपदा की स्थिति में समय से अलर्ट हो तथा आपदा में हानि होने की स्थिति में इसकी सूचना शासन को यथाशीघ्र दी जाए जिससे कि समय रहते उच्च स्तर पर राहत कार्य किए जा सके। उन्होंने कहा कि आपदा मनुष्य के नियंत्रण में नहीं होती लेकिन तकनीक का प्रयोग कर जन हानि तथा धन हानि को कम किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने अचानक बाढ़ आने से हुई जनहानि एवं धनहानि की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने दुकानदारों के हुए आर्थिक नुकसान का परीक्षण कराकर नियमानुसार मुआवजा देने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने आने वाले श्रद्धालुओं के दर्शन हेतु यथासंभव व्यवस्थाएं की जाए जिससे कोई भी श्रद्धालु बिना दर्शन किए न रहे। इस सम्बन्ध में जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने बताया कि जनहानि होने पर संबंधित के परिजनों को आर्थिक सहायता दी जा चुकी है।
बैठक में व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल, राज्यमंत्री संसदीय कार्य एंव औद्योगिक विकास जसवंत सैनी, जिला पंचायत अध्यक्ष मांगेराम चौधरी, महापौर डॉ. अजय सिंह, विधायक रामपुर मनिहारान देवेन्द्र निम, विधायक गंगोह किरत सिंह, विधायक नगर राजीव गुम्बर, एमएलसी श्रीचन्द शर्मा, जिलाध्यक्ष अजीत राणा, महानगर अध्यक्ष शीतल विश्नोई, पूर्व सांसद राघव लखनपाल शर्मा, पूर्व सांसद प्रदीप चौधरी, पूर्व विधायक नरेश सैनी, एडीजी भानू भास्कर, मण्डलायुक्त डॉ0 रूपेश कुमार, पुलिस उप महानिरीक्षक अभिषेक सिंह, जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन, मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन, एसपी देहात मयंक पाठक एवं संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?