ऐतिहासिक एवं पौराणिक भारत भारी मेले का जिलाधिकारी ने किया शुभारम्भ
सिद्धार्थनगर (संवाददाता)। ऐतिहासिक एवं पौराणिक भारत भारी मेले का जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने फीता काटकर एवं शिव मन्दिर में विधिवत पूजा कर शुभारंभ किया।
उपजिलाधिकारी डुमरियागंज विवेकानन्द मिश्र द्वारा जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल को बुके एवं श्रीराम का चित्र देकर स्वागत किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि भारत भारी की ऐतिहासिक, धार्मिक एवं पौराणिक महत्तव है। यह स्थल आस्था और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और दर्शकों की सुविधा, सुरक्षा तथा सुगम आवागमन प्रशासन की प्राथमिकता है।
उन्होंने बताया कि मेले को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन, पुलिस विभाग और नगर पंचायत की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश और यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया है। मेले के दौरान विद्युत आपूर्ति निर्बाध बनाए रखने के लिए भी आवश्यक व्यवस्था की गई है।
जिलाधिकारी ने कहा कि आयोजन समिति द्वारा आमंत्रित करने के लिए आभार व्यक्त किया गया। उन्होंने सभी से अपील करते हुए कहा कि भारत की जनगणना 2027 चल रही है। 16 नवम्बर से 30 नवम्बर 2026 तक स्वगणना का कार्य चलेगा इसके पश्चात 01 दिसम्बर 2026 से 04 जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर व्यक्ति की गणना करेंगे। देश में 15 वर्ष बाद जनगणना हो रही है। सभी लोग स्वगणना अवश्यक करें। विशेष मतदाता पुरनीक्षण का कार्य भी 17 नवम्बर से शुरू हुआ है। 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले सभी मतदाता फार्म-06 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम सम्मिलित करा ले। देश के विकास में अपना योगदान दे।
अध्यक्ष नगर पंचायत, भारतभारी चन्द्र प्रकाश वर्मा, अध्यक्ष नगर पंचायत बढ़नी चाफा धर्मराज वर्मा ने सभी का स्वागत किया। उपजिलाधिकारी डुमरियागंज विवेकानन्द मिश्र ने स्वागत संबोधन में उपस्थित जिलाधिकारी एवं अन्य जनप्रतिनिधिण का स्वागत करते हुए कहा कि कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर भारतभारी में मेले का आयोजन किया गया है। मेले में आने वाले सभी का स्वागत किया गया।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी डुमरियागंज विवेकानंद मिश्रा, नगर पंचायत भारत भारी अध्यक्ष चंद्रप्रकाश वर्मा, बढ़नी चाफा अध्यक्ष धर्मराज वर्मा, पर्यटन विकास समिति के सदस्य एवं वरिष्ठ अधिवक्ता रमेश कुमार पाण्डेय, तहसीलदार अभिषेक कुमार, अधिशासी अधिकारी राजन गुप्ता, कानूनगो रमेश चंद्र श्रीवास्तव एवं अन्य संबधित अधिकारी, कर्मचारी एवं आदि मौजूद थे।
What's Your Reaction?