कलेक्ट्रेट परिसर में फलदार पौधों का भंडारा आयोजित

Jul 9, 2026 - 21:27
 0  7
कलेक्ट्रेट परिसर में फलदार पौधों का भंडारा आयोजित

अंबेडकर नगर, संवाददाता। पर्यावरण संरक्षण एवं हरित जनपद के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से वृक्षारोपण के महा अभियान के अंतर्गत जिलाधिकारी ईशा प्रिया के निर्देशन में कलेक्ट्रेट परिसर में फलदार पौधों का भंडारा आयोजित किया गया। इस अवसर पर जनता दर्शन में अपनी समस्याओं के समाधान हेतु आए फरियादियों, कलेक्ट्रेट परिसर में उपस्थित अधिवक्ताओं तथा अन्य आमजन एवं कलेक्ट्रेट के कार्मिकों को निःशुल्क फलदार पौधों का वितरण किया गया।

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने स्वयं उपस्थित लोगों को पौधे वितरित करते हुए उन्हें अधिक से अधिक वृक्षारोपण के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान मौसम पौधरोपण के लिए अत्यंत अनुकूल है। यदि इस समय पौधे रोपित कर उनका नियमित संरक्षण एवं देखभाल की जाए तो भविष्य में वे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ फल, शुद्ध वायु और हरित वातावरण का अमूल्य उपहार देंगे।

जिलाधिकारी ने कहा कि पौधारोपण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित एवं स्वच्छ भविष्य के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। इसी भावना के साथ कलेक्ट्रेट परिसर में पौध भंडारा आयोजित कर अधिक से अधिक लोगों को फलदार पौधे उपलब्ध कराए जा रहे हैं, ताकि जनसहभागिता से हरित एवं समृद्ध अम्बेडकरनगर के लक्ष्य को साकार किया जा सके।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow