संचारी रोगों पर नियंत्रण के लिए दस्तक अभियान शुरू, जन-जागरूकता पर जोर

Apr 1, 2026 - 21:36
 0  26
संचारी रोगों पर नियंत्रण के लिए दस्तक अभियान शुरू, जन-जागरूकता पर जोर

बहराइच संवाददाता। संचारी रोगों की रोकथाम और जन-जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान का शुभारंभ किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय से सीएमओ डॉ. संजय कुमार ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रैली को रवाना किया। 
जागरूकता रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी, जिसमें स्वास्थ्य कर्मियों सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। रैली के माध्यम से लोगों को मच्छर जनित रोगों, जलजनित बीमारियों और दिमागी बुखार (इंसेफेलाइटिस) से बचाव के उपाय बताए गए। 

सीएमओ डॉ. कुमार ने बताया कि जनसहभागिता और विभागीय समन्वय से ही संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। अभियान में नगर विकास, पंचायतीराज, बाल विकास, आयुष, कृषि, शिक्षा, पशुपालन, सूचना समेत विभिन्न 14 विभागों के समन्वय से संचालित अभियान के दौरान आमजन को सन्देश दिया जायेगा कि घर के आसपास कहीं भी पानी जमा न होने दें। विशेष रूप से कूलर और फ्रिज के पीछे जमा पानी को हर सप्ताह साफ करें। नारियल के खोल, बेकार टायर, टूटे मिट्टी के बर्तन, गमले, डिब्बे आदि में पानी इकट्ठा न होने दें। बुखार या अन्य लक्षण होने पर तुरंत जांच कराएं, साफ-सफाई रखें, शुद्ध पानी पिएं और लू से बचाव के लिए पर्याप्त पानी व आवश्यक सावधानी बरतें। 

सीएमओ ने बताया कि जनपद में 1 से 30 अप्रैल तक संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा 10 से 30 अप्रैल तक दस्तक अभियान चलाया जाएगा। दस्तक अभियान के दौरान फ्रंटलाइन वर्कर्स घर-घर जाकर बुखार, इन्फ्लूएंजा लाइक इलनेस (आईएलआई), टीबी, कुपोषण सहित अन्य लक्षणयुक्त व्यक्तियों की पहचान करेंगी। इनका विवरण ‘ई-कवच पोर्टल’ पर अपलोड कर उनकी निगरानी और उपचार सुनिश्चित किया जाएगा।

डीएचईआईओ बृजेश सिंह ने बताया कि अभियान के तहत मच्छरों के प्रजनन स्थलों की पहचान कर उनके निस्तारण पर विशेष जोर दिया जा रहा है। मच्छरों की अधिकता वाले हाई रिस्क क्षेत्रों में फॉगिंग और एंटी-लार्वा छिड़काव जैसी गतिविधियां तेज की जाएंगी, ताकि डेंगू और मलेरिया के प्रसार को रोका जा सके। उन्होंने कहा हीट वेव की आशंका को देखते हुए प्रशासन अलर्ट है। जनपद में शुद्ध पेयजल, सार्वजनिक स्थलों पर शेल्टर और लोगों को गर्मी से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करने पर भी ध्यान दिया जा रहा है।

जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने संचारी रोगों की रोकथाम के लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने का आहवान किया है। डीएम ने हाई रिस्क क्षेत्रों में विशेष निगरानी और साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं साथ ही आमजन से अपील है कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाए जा रहे अभियान में सक्रिय सहयोग करें।

इस अवसर पर एसीएमओ डॉ अभाष अंकुर, एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ निर्मेश, डीसीपीएम मो0 राशिद, पीएफआई, डबल्यूएचओ व पाथ प्रतिनिधि सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow