जिलाधिकारी ने किया जनपदीय बेसिक क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारंभ

Feb 9, 2026 - 19:27
 0  26
जिलाधिकारी ने किया जनपदीय बेसिक क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारंभ

अमेठी। बेसिक शिक्षा विभाग के तत्वावधान में कक्षा 1 से 8 तक अध्ययनरत विद्यार्थियों की जनपदीय बेसिक क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारंभ डॉ0 भीमराव अंबेडकर स्टेडियम, अमेठी में हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन जिलाधिकारी संजय चौहान ने प्रतिभागी बच्चों के मार्च पास्ट की सलामी लेकर किया। 

इस अवसर पर जिलाधिकारी संजय चौहान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी वीर भानु सिंह एवं जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ0 राजेश कुमार द्विवेदी विशिष्ट अतिथि के रूप में मंचासीन रहे। मुख्य अतिथि द्वारा कबूतर एवं गुब्बारे उड़ाकर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया गया। 

जिलाधिकारी ने खिलाड़ियों को खेल शपथ दिलाते हुए अनुशासन, नियमों के पालन एवं खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने का संदेश दिया। उन्होंने 400 मीटर बालक एवं बालिका दौड़ को हरी झंडी दिखाकर प्रतियोगिता की शुरुआत कराई। 

दौड़ प्रतियोगिता में मोहित व प्रतीक्षा ने प्रथम, अमन व दृष्टि ने द्वितीय तथा अभिषेक व दिशा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया, जिन्हें मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता के प्रथम दिवस वॉलीबॉल, कबड्डी, खो-खो, दौड़, योग एवं व्यायाम सहित विभिन्न खेल स्पर्धाओं का आयोजन किया गया। वॉलीबॉल (बालिका वर्ग) में जगदीशपुर विजेता तथा भेंटुआ उपविजेता रहा, जबकि पी.टी. प्रतियोगिता में भादर विजेता एवं जगदीशपुर उपविजेता बना। 

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजय तिवारी ने कहा कि खेल बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ-साथ अनुशासन और टीम भावना को मजबूत करते हैं। खेल प्रतियोगिताओं का संचालन जिला व्यायाम शिक्षक संदीप कुमार सिंह के नेतृत्व में विभिन्न ब्लॉकों के व्यायाम शिक्षकों एवं खेल अनुदेशकों द्वारा किया गया। 

कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी, शिक्षक संगठन के पदाधिकारी, खेल शिक्षक, अनुदेशक, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow