जिलाधिकारी ने नव वर्ष पर वृद्ध जन आश्रम का किया निरीक्षण
अमेठी। नव वर्ष के अवसर पर जिलाधिकारी संजय चौहान ने अपनी धर्मपत्नी के साथ गौरीगंज स्थित वृद्ध जन आश्रम का भ्रमण कर वहां निवासरत वृद्धजनों का हाल-चाल जाना और उन्हें नव वर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान जिलाधिकारी एवं उनकी पत्नी ने वृद्धजनों के बीच फल एवं मिठाई का वितरण कर उनके साथ कुछ समय बिताया और उनका उत्साहवर्धन किया। भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी ने वृद्ध आश्रम में उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया।
उन्होंने वृद्धजनों के स्वास्थ्य, भोजन व्यवस्था, आवास, साफ-सफाई एवं अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। शीतलहर को देखते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वृद्ध आश्रम में रह रहे सभी वृद्धजनों को ठंड से बचाव हेतु पर्याप्त सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि नियमित रूप से वृद्ध आश्रम की व्यवस्थाओं की निगरानी की जाए और आवश्यकतानुसार सुधारात्मक कदम उठाए जाएं।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी गौरीगंज प्रीति तिवारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए/प्रभारी जिला समाज कल्याण अधिकारी ऐश्वर्य यादव सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?