विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की निर्वाचक नामावली का हुआ आलेख्य प्रकाशन
अमेठी। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर चल रहे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की निर्वाचक नामावलियों का आलेख्य प्रकाशन 06 जनवरी 2026 को कर दिया गया है। उक्त आलेख्य प्रकाशित निर्वाचक नामावलियां कार्यालय समय में जनपद के समस्त मतदान केंद्रों, तहसील कार्यालयों, जिला निर्वाचन कार्यालय, अमेठी तथा जनपद की वेबसाइट amethi-nic-in पर निःशुल्क निरीक्षण हेतु उपलब्ध रहेंगी।
इसी क्रम में आज जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी संजय चौहान ने कलेक्ट्रेट कार्यालय में जनपद के समस्त मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में जिलाधिकारी द्वारा आलेख्य प्रकाशन के उपरांत आलेख्य निर्वाचक नामावली एएसडी सूची सहित उपलब्ध कराई गई। साथ ही शिक्षक निर्वाचन नामावली की अंतिम प्रकाशित सूची एवं मतदेय स्थलों की सूची भी राजनीतिक दलों को प्रदान की गई।
बैठक के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की निर्वाचक नामावलियों का विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण दिनांक 04 नवम्बर 2025 से 26 दिसम्बर 2025 तक घर-घर गणना अवधि के माध्यम से किया गया। इस प्रक्रिया के पूर्ण होने के पश्चात आज दिनांक 06 जनवरी 2026 को फोटो युक्त निर्वाचन नामावलियों का आलेख्य प्रकाशन किया गया है, जिसका अवलोकन निर्धारित स्थलों पर किया जा सकता है।
जिलाधिकारी ने बताया कि दावे एवं आपत्तियां 06 जनवरी 2026 से 06 फरवरी 2026 तक प्राप्त की जाएंगी तथा प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण 27 फरवरी 2026 तक किए जाने हेतु आयोग द्वारा समय-सीमा निर्धारित की गई है। उन्होंने बताया कि आयोग द्वारा विभिन्न अर्हता तिथियां (01 जनवरी, 01 अप्रैल, 01 जुलाई एवं 01 अक्टूबर 2026) निर्धारित की गई हैं। ऐसे मतदाता जो इन तिथियों को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे हैं, वे अपना नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराने हेतु फॉर्म-6 (घोषणा पत्र सहित) भर सकते हैं। इसके अतिरिक्त निर्वाचन नामावली में किसी प्रविष्टि में संशोधन, मतदाता फोटो पहचान पत्र के प्रतिस्थापन, दिव्यांग मतदाताओं के चिन्हांकन, निवास परिवर्तन आदि के लिए फॉर्म-8 (घोषणा पत्र सहित) भरकर संबंधित निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को उपलब्ध कराया जा सकता है। वहीं, मतदाता सूची से मृतक, स्थानांतरित, डुप्लीकेट अथवा अनुपस्थित मतदाताओं के नाम हटाने हेतु भी निर्धारित फॉर्म भरकर जमा किए जा सकते हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाता पंजीकरण अथवा किसी भी प्रकार के संशोधन हेतु भारत निर्वाचन आयोग के ECINET Mobile App एवं वेबसाइटhttps://voters.eci.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन फॉर्म-6 एवं फॉर्म-8 (घोषणा पत्र सहित) भी भरे जा सकते हैं।
बैठक में पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक, मुख्य विकास अधिकारी सचिन कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अर्पित गुप्ता, मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारी एवं निर्वाचन कार्यालय के कर्मचारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?