खाद्य प्रसंस्करण ग्राम स्वरोजगार योजना के तहत 30 दिवसीय कुकरी एवं बेकरी प्रशिक्षण का हुआ शुभारम्भ

Jan 20, 2026 - 21:12
 0  15
खाद्य प्रसंस्करण ग्राम स्वरोजगार योजना के तहत 30 दिवसीय कुकरी एवं बेकरी प्रशिक्षण का हुआ शुभारम्भ

अलीगढ़। बेरोजगार महिला एवं पुरुषों को स्वावलम्बी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग द्वारा संचालित राजकीय फल संरक्षण केन्द्र पर मुख्यमंत्री खाद्य प्रसंस्करण ग्राम स्वरोजगार योजना के अंतर्गत 30 दिवसीय कुकरी एवं बेकरी प्रशिक्षण का शुभारम्भ हुआ। प्रशिक्षण कार्यक्रम 18 फरवरी तक आयोजित किया जाएगा।

कार्यक्रम का उद्घाटन उप निदेशक उद्यान, अलीगढ़ मण्डल बलजीत सिंह द्वारा फीता काटकर एवं मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के माध्यम से ग्रामीण बेरोजगार महिला-पुरुष बेकरी, फास्ट फूड एवं खाद्य प्रसंस्करण आधारित उद्योग स्थापित कर स्वरोजगार प्राप्त कर सकते हैं।

जिला उद्यान अधिकारी सुनील कुमार ने पीएमएफएमई योजना की उपयोगिता बताते हुए कहा कि यह योजना सूक्ष्म एवं मध्यम खाद्य प्रसंस्करण उद्यमों को सशक्त बनाने के साथ किसानों की उपज को मूल्य संवर्धन के माध्यम से सुरक्षित करने में सहायक है। फूड क्राफ्ट इंस्टीट्यूूट, एएमयू के प्रवक्ता डॉ. मशूद असलम ने बेकरी उद्योग को रोजगार सृजन का प्रभावी माध्यम बताया। 

प्रधानाचार्य राजकीय खाद्य विज्ञान प्रशिक्षण केन्द्र, आगरा बलवीर सिंह ने जानकारी दी कि प्रशिक्षण उपरान्त पात्र लाभार्थियों को मशीनरी एवं उपकरणों की लागत पर 50 प्रतिशत तक, अधिकतम एक लाख रुपये का अनुदान दिया जाता है। एक माह के इस प्रशिक्षण में 30 प्रतिभागी शामिल हैं, जिन्हें सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। कार्यक्रम में प्रशिक्षण सामग्री का वितरण किया गया और अधिकारियों ने प्रतिभागियों को नियमित प्रशिक्षण प्राप्त कर योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow