अमेठी में “नवनिर्माण के नौ वर्ष” मेले में योजनाओं की दी जा रही जानकारी, उत्कृष्ट फार्मस्टे व शिक्षक सम्मानित
अमेठी, संवाददाता। प्रदेश सरकार के नौ वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर, गौरीगंज में “नवनिर्माण के नौ वर्ष” थीम पर आधारित नौ दिवसीय समारोह/मेले का आयोजन किया जा रहा है।
मेले के माध्यम से विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जा रही है तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ा जा रहा है। मेले में सूचना, स्वास्थ्य, महिला कल्याण, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, उद्योग, कृषि, समाज कल्याण, जल जीवन मिशन, बैंकिंग एवं कौशल विकास विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए हैं। इन स्टॉलों पर योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जा रही है।
सूचना विभाग की चित्र प्रदर्शनी विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। मेले के आठवें दिन “जन भागीदारी दिवस” के अवसर पर उत्तर प्रदेश ब्रेड एंड ब्रेकफास्ट एवं होमस्टे नीति 2025 विषयक एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रतिभागियों के साथ ग्रामीण पर्यटन योजना के अंतर्गत चयनित ग्राम पंचायतों के होमस्टे एवं फार्मस्टे संचालकों ने भाग लिया।
जिला पर्यटन अधिकारी पारिजात पांडे ने नीति के प्रावधानों, संभावनाओं एवं लाभों पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। कार्यक्रम के उपरांत कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी संजय चौहान ने जनपद के दो उत्कृष्ट फार्मस्टे-रघुवंश फार्मस्टे पूराब द्वार एवं सिंह फार्मस्टे कोचित-को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
इस दौरान शिक्षा विभाग की छात्राओं एवं सांस्कृतिक दलों द्वारा प्रस्तुत कार्यक्रमों ने समां बांधा। वहीं बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत आयोजित “निपुण विद्यालय सम्मान समारोह” में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. राजेश द्विवेदी व जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजय तिवारी द्वारा सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. रमेश सिंह ने किया। मेले में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी देखी जा रही है।
What's Your Reaction?