डीएम की सख्त मॉनिटरिंग से जल जीवन मिशन को मिली रफ्तार, 1124 ग्रामों में पेयजल व्यवस्था सुदृढ़
अलीगढ़। जिलाधिकारी संजीव रंजन की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में उत्तर प्रदेश जल निगम, ग्रामीण द्वारा संचालित जल जीवन मिशन एवं पूर्व निर्मित पेयजल योजनाओं की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में डीएम ने स्पष्ट किया कि जिले के प्रत्येक घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है और किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी में सड़क पुनरोद्धार कार्य को गुणवत्तापूर्ण ढंग से एवं जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
समीक्षा के दौरान अधिशासी अभियन्ता लोकेश शर्मा ने अवगत कराया कि जिले के कुल 1124 राजस्व ग्रामों में से 54 ग्राम पूर्व निर्मित योजनाओं से आच्छादित हैं, जिनके सुदृढ़ीकरण एवं 10 वर्ष के संचालन-रखरखाव हेतु कार्यवाही प्रगति पर है। शेष 1070 ग्रामों में जल जीवन मिशन के अंतर्गत 724 ग्रामीण पेयजल योजनाएं क्रियान्वित की जा रही हैं। परियोजनाओं के अंतर्गत प्रस्तावित 730 नलकूपों में से 719 पूर्ण, 730 पम्प हाउस में से 712 पूर्ण, 7172 किमी वितरण प्रणाली में से 7128 किमी पूर्ण, 728 शिरोपरि जलाशयों में से 285 पूर्ण और 3,93,876 गृह जल संयोजनों के सापेक्ष 3,83,357 घरों में नल कनेक्शन प्रदान किए जा चुके हैं।
बैठक में बताया गया कि 87 राजस्व ग्रामों में सभी कार्य पूर्ण कर 61 योजनाओं को ओएंडएम में शामिल करते हुए नियमित जलापूर्ति प्रारंभ कर दी गई है। इसके अतिरिक्त 440 ग्रामों में सीधे पम्पिंग अथवा शिरोपरि जलाशयों के माध्यम से आंशिक जलापूर्ति की जा रही है। डीएम ने निर्देश दिए कि जहां भी कार्य शेष हैं, वहां गुणवत्ता के साथ समयबद्ध पूर्णता सुनिश्चित की जाए। पाइपलाइन बिछाने के दौरान काटी गई 2011 किमी ट्रेंच के सापेक्ष 92 प्रतिशत यानी 1847 किमी मार्गों को मोटरेबल स्थिति में पुनर्स्थापित किया जा चुका है, शेष कार्य तीव्र गति से जारी है।
अधिशासी अभियंता जल निगम ने कहा कि सीमित संसाधनों अथवा छोटी मोटी दिक्कतों के चलते कार्य प्रभावित हुए हैं, तथापि प्रशासन द्वारा वैकल्पिक व्यवस्थाओं के माध्यम से कार्यों में निरंतर प्रगति सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया कि दिसंबर 2026 तक शत-प्रतिशत लक्ष्य पूर्ण करते हुए प्रत्येक पात्र परिवार तक स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाए। जिलाधिकारी की कड़ी निगरानी और नियमित समीक्षा के चलते जिले में जल जीवन मिशन को नई गति मिली है। बैठक में निर्देशित किया गया कि शासन की मंशा के अनुरूप “हर घर जल” लक्ष्य को हर हाल में समयबद्ध पूर्ण किया जाए और आमजन को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाए।
What's Your Reaction?