ओडीओपी योजना ने खोले सफलता के द्वार
अलीगढ़, संवाददाता। अभिनेश कुमार पुत्र तोताराम निवासी 322, ज्वालापुरी गली नंबर-4 ने ताला एवं बिल्डिंग हार्डवेयर निर्माण के क्षेत्र में अपनी उद्यमशीलता की शुरुआत एक मशीन ऑपरेटर के रूप में की। ग्राहकों की बढ़ती मांग और बेहतर उत्पाद उपलब्ध कराने की आवश्यकता को समझते हुए उन्होंने स्वयं की मैन्युफैक्चरिंग यूनिट स्थापित करने का निर्णय लिया।
प्लांट स्थापित करने के लिए वित्तीय संसाधनों की चुनौती सामने आई। इसी दौरान जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन केंद्र के माध्यम से उन्हें एक जनपद एक उत्पाद योजना की जानकारी मिली। डिप्टी कमिश्नर इंडस्ट्रीज के मार्गदर्शन में उन्होंने ओडीओपी की मार्जिन मनी योजना के तहत आवेदन किया।
योजना के सहयोग से एचडीएफसी बैंक, रामघाट रोड, अलीगढ़ से एक करोड़ रुपये का ऋण प्राप्त कर अभिनेश कुमार ने अपना मैन्युफैक्चरिंग प्लांट स्थापित किया। इस वित्तीय सहयोग ने उनके सपने को नई दिशा दी और छोटे स्तर से शुरू हुआ कारोबार तेजी से आगे बढ़ने लगा।
आज उनके उत्पाद देश के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी अपनी पहचान बना रहे हैं। व्यवसाय में आधुनिक तकनीक और बेहतर उत्पादन व्यवस्था अपनाने से पिछले 2-3 वर्षों में उनके वार्षिक राजस्व में लगभग 75 प्रतिशत की वृद्धि हुई और कारोबार का टर्नओवर 5.6 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।
व्यवसाय के विस्तार के साथ स्थानीय स्तर पर 30 से अधिक लोगों को रोजगार मिला है। अभिनेश कुमार की सफलता यह दर्शाती है कि ओडीओपी जैसी योजनाएं वित्तीय सहायता के साथ-साथ उद्यमियों को सही मार्गदर्शन और आत्मनिर्भरता का अवसर प्रदान कर रही हैं। ओडीओपी योजना के सहयोग से एक मशीन ऑपरेटर से सफल उद्यमी बने अभिनेश कुमार आज अलीगढ़ के ताला एवं बिल्डिंग हार्डवेयर उद्योग की बढ़ती संभावनाओं और स्थानीय उद्यमिता की नई तस्वीर प्रस्तुत कर रहे हैं।
What's Your Reaction?