उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा-2025 की व्यवस्थाओं का जिलाधिकारी ने किया औचक निरीक्षण
अम्बेडकर नगर, संवाददाता। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा-2025 को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सकुशल ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से परीक्षा के प्रथम दिन जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के साथ जनपद के विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का औचक निरीक्षण किया।
इस दौरान जिलाधिकारी ने दौरान बीएन इंटर कॉलेज अकबरपुर, राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज अकबरपुर तथा सर्वाेदय इंटर कॉलेज कोटवा मोहम्मदपुर सहित अन्य परीक्षा केन्द्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया, परीक्षा कक्षों की व्यवस्थाओं तथा परीक्षा संचालन से संबंधित व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया गया।
जिलाधिकारी ने केन्द्र व्यवस्थापकों, सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेटों को निर्देशित किया कि परीक्षा की शुचिता एवं गोपनीयता बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने सभी केन्द्रों पर सुरक्षा प्रबंधों को सुदृढ़ बनाए रखने, सीसीटीवी कैमरों की सतत निगरानी सुनिश्चित करने तथा शासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी पूर्ण सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी), संबंधित सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?