जिलाधिकारी ने की सीएम डैशबोर्ड के माध्यम से विकास कार्यों की समीक्षा
अलीगढ़, संवाददाता। जिलाधिकारी संजीव रंजन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड के माध्यम से जिले में संचालित विकास एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में सभी बीडीओ समेत सभी विभागीय के अधिकारियों ने प्रतिभाग किया एवं अपने-अपने विभागों के प्रगति विवरण प्रस्तुत किए।
डीएम ने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि अप्रैल मासान्त तक सभी अधिकारियों को विभागीय लक्ष्य प्राप्त हो जाएंगे, ऐेसे में अधिकारी आंकड़ों में उलझकर केवल लक्ष्य पूर्ति तक ही सीमित न रहें बल्कि रूटीन के कार्यों से हटकर जनसहभागिता के साथ विभाग से जुड़े नवाचार की तरफ भी कदम बढ़ाएं, ताकि आमजन एवं जरूरतमंदों के जीवन-यापन को और सुगम बनाया जा सके। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर फीड होने वाले समस्त आंकड़ों को समयबद्ध एवं सटीक रूप में अपडेट किया जाए, जिससे शासन स्तर पर जिले की वास्तविक स्थिति का आंकलन किया जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों की प्रगति में किसी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने सोलर स्ट्रीट लाइट योजना में जनप्रतिनिधियों से प्रस्ताव प्राप्त करने के साथ ही पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की अपेक्षित प्रगति और नेट मीटर में आ रही समस्याओं के समाधान के लिए वेंडर्स, बैंकर्स और विद्युत अधिकारियों की पृथक से बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए। जिले के सभी किसानों को फार्मर रजिस्ट्री का लाभ दिए जाने के लिए उप निदेशक कृषि को ग्रामवार शिविर लगाने के साथ ही नोडल अधिकारियों का भ्रमण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री आवास योजना में सभी बीडीओ को निर्देशित किया गया कि जो परियोजनाएं ओएनएम में जा चुकी हैं उनका 100 प्रतिशत संचालन सुनिश्चित कराया जाए। डीएम ने कहा कि जिन ग्रामों में पूलिंग की धनराशि अवशेष है, प्राप्त कर गौशालाओं में अवस्थापना सुविधाओं सहित आवश्यकतानुसार नये शेड का निर्माण कराया जाए ताकि गौवंशों को गर्मी में राहत मिल सके। सैम-मैम बच्चों की समीक्षा में प्रत्येक रविवार को आयोजित होने वाले जन आरोग्य मेले में सभी सीडीपीओ को ऐसे बच्चों को स्वास्थ्य केद्र पर लाने के साथ ही जेएनएमसी में संचालित एनआरसी की उपयोगिता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। इसके साथ ही डीएम ने स्वास्थ्य, शिक्षा, ग्रामीण विकास, जल आपूर्ति, सड़क निर्माण, स्वच्छ भारत मिशन समेत अन्य प्रमुख योजनाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे, यह सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है।
निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा में क्रिटिकल केयर यूनिट निर्माण के सबंध में बताया गया कि प्राप्त धनराशि का सदुपयोग कर लिया गया है। डीएम ने शेष धनावंटन के लिए पत्र भेजने के निर्देश दिए। स्मार्ट सिटी योजना में किए जा रहे कार्यों की समीक्षा में मल्टीलेवल कार पार्किंग, जल निकासी के कार्यों की समीक्षा में बरसात से पहले कार्य पूरे करने के निर्देश दिए गए। डीएम ने सभी कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया कि भौतिक प्रगति के साथ ही वित्तीय प्रगति का भी ध्यान रखें, सभी का भुगतान समय से सुनिश्चित करें और अनवरत कार्य प्रगति कि लिए प्राप्त धनराशि का उपयोगिता प्रमाण पत्र देते हुए अवशेष धनराशि के आवंटन के लिए शासन में निरंतर पैरवी करते रहें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी योगेन्द्र कुमार, डीडीओ आलोक आर्य, सीएमओ डॉ0 नीरज त्यागी, पीडी भाल चंद त्रिपाठी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी ए0के0 शर्मा, समेत नगर निगम, पंचायतीराज, पशुपालन, सिंचाई, समाज कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण, प्रोबेशन एवं अधिशासी अभियंतागण समेत संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?