जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित हुई जिला स्वच्छता समिति की बैठक

Sep 4, 2025 - 18:09
 0  10
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित हुई जिला स्वच्छता समिति की बैठक

अमेठी। कलेक्ट्रेट सभागार में गुरूवार को जिलाधिकारी संजय चौहान की अध्यक्षता में जिला स्वच्छ भारत मिशन मैनेजमेंट कमेटी के अंतर्गत जिला स्वच्छता समिति की बैठक आयोजित हुई। 

बैठक में स्वच्छ भारत मिशन (फेज-2) की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सबसे पहले व्यक्तिगत शौचालयों के निर्माण हेतु प्राप्त आवेदनों के सत्यापन एवं धनराशि हस्तांतरण की स्थिति की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने आरआरसी (Resource Recovery Centre) सेंटर निर्माण की जानकारी ली। इस पर जिला पंचायत राज अधिकारी ने अवगत कराया कि जनपद की 682 ग्राम पंचायतों में से 634 ग्राम पंचायतों में आरआरसी सेंटर का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि 46 ग्राम पंचायतों में निर्माण कार्य प्रगति पर है। 

बैठक में जिलाधिकारी ने ग्रामीण क्षेत्रों में नालों और नालियों की नियमित सफाई पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि गंदगी एवं जलभराव की समस्या आमजन के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालती है, इसलिए सभी ग्राम पंचायतों में समयबद्ध रूप से सफाई सुनिश्चित कराई जाए। सामुदायिक शौचालयों की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि किसी भी परिस्थिति में इन शौचालयों पर ताला न हो। उन्होंने इनके नियमित रखरखाव, सफाई एवं संचालन व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने पर जोर दिया। इसके अतिरिक्त बैठक में स्वच्छ भारत मिशन के तहत संचालित अन्य योजनाओं बायोगैस प्लांट, एफएसटीपी (Fecal Sludge Treatment Plant) प्लांट, प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट तथा गोवर्धन योजना की गतिविधियों की वर्तमान स्थिति पर भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को इन योजनाओं को और अधिक प्रभावी एवं जनउपयोगी बनाने के निर्देश दिए। 

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सूरज पटेल, जिला पंचायत राज अधिकारी मनोज त्यागी, पीडी डीआरडीए ऐश्वर्य यादव, बीएसए संजय तिवारी, समस्त खंड विकास अधिकारी, सहायक विकास अधिकारी पंचायत सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow