पत्रकार समिति प्रतिनिधिमंडल ने भाजपा विधान परिषद सदस्य मुकेश शर्मा को दिया आमंत्रण
लखनऊ। उत्तर प्रदेश जिला मान्यता प्राप्त पत्रकार समिति का प्रतिनिधिमंडल आज भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ विधान परिषद सदस्य मुकेश शर्मा से उनके आधिकारिक आवास पर शिष्टाचार मुलाक़ात की। प्रतिनिधिमंडल ने आगामी 25 सितम्बर को आयोजित होने वाले पंडित दीनदयाल उपाध्याय जन्मजयंती एवं पत्रकार सम्मान समारोह में उन्हें ससम्मान आमंत्रित किया।
मुलाक़ात के दौरान समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी का एकात्म मानववाद न केवल समाज के हर वर्ग को जोड़ने का दर्शन है बल्कि पत्रकारिता के मूल स्वरूप एवं उसकी आत्मा से भी गहराई से जुड़ा हुआ है। पत्रकारिता का सच्चा उद्देश्य भी यही है कि सत्य और न्याय की आवाज़ अंतिम पंक्ति तक पहुँचे और समाज के हर हिस्से को उसकी प्रतिध्वनि मिले।
समिति का मानना है कि ऐसे आयोजन केवल औपचारिक समारोह नहीं होते बल्कि यह मंच समाज की सकारात्मक चेतना जागृत करने, पत्रकारों के निरंतर योगदान को रेखांकित करने और लोकतांत्रिक संवाद को और मज़बूत बनाने का जरिया होते हैं।
आमंत्रण स्वीकार करते हुए मुकेश शर्मा ने समिति के इस प्रयास की मुक्तकंठ से सराहना की और कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र की रीढ़ है, जो जनता और शासन के बीच पारदर्शिता, विश्वसनीयता और संवाद का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष पत्रकारिता समाज को न केवल नई दिशा देती है, बल्कि जनमानस को जागरूक करने का कार्य करती है। श्री शर्मा ने विश्वास दिलाया कि वे समारोह में सम्मिलित होकर पत्रकार बंधुओं का उत्साहवर्धन करेंगे।
इस अवसर पर समिति अध्यक्ष हरीश तिवारी, महासचिव आशीष तिवारी, उपाध्यक्ष अर्चना गुप्ता तथा कोषाध्यक्ष डॉ0 जितेंद्र बाजपेई उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?