अधिवर्षता आयु पूर्ण करने पर अमेठी पुलिस के दो निरीक्षकों को दी गई विदाई
अमेठी। जनपद अमेठी में नियुक्त उपनिरीक्षक रामनरेश सिंह एवं उपनिरीक्षक अनुरुद्ध कुमार सिंह को अधिवर्षता आयु पूर्ण होने के उपरांत सोमवार को पुलिस कार्यालय गौरीगंज में एक सादे एवं गरिमापूर्ण समारोह के दौरान विदाई दी गई।
पुलिस अधीक्षक अमेठी अपर्णा रजत कौशिक द्वारा दोनों अधिकारियों को उत्कृष्ट सेवा के लिए प्रशस्ति पत्र और उपहार प्रदान कर सम्मानित किया गया और उन्हें आगामी जीवन के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
समारोह के दौरान पुलिस अधीक्षक ने वर्तमान समय में बढ़ रही साइबर ठगी की घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए सेवानिवृत्त अधिकारियों और कर्मचारियों को विशेष रूप से सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि कुछ साइबर ठग फर्जी ट्रेजरी अधिकारी या पुलिसकर्मी बनकर रिटायर्ड कर्मियों से संपर्क करते हैं और पेंशन प्रक्रिया अधूरी होने का बहाना बनाकर ओटीपी, बैंक विवरण एवं अन्य संवेदनशील जानकारी लेकर ठगी कर लेते हैं। इस पर सभी को जागरूक करते हुए बताया गया कि किसी भी अनजान कॉल या ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त सूचना पर विश्वास न करें और कोई भी गोपनीय जानकारी साझा न करें।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक अमेठी शैलेन्द्र कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी अमेठी मनोज कुमार मिश्रा, क्षेत्राधिकारी गौरीगंज अखिलेश वर्मा सहित कई अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने सेवानिवृत्त हो रहे दोनों अधिकारियों के योगदान को सराहा और उनके स्वस्थ, सुरक्षित व सम्मानजनक भविष्य की कामना की।
What's Your Reaction?