जनसमस्याओं का त्वरित गति से किया जाये निस्तारण - केशव प्रसाद मौर्य
लखनऊ। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोमवार को लखनऊ स्थित अपने कैम्प कार्यालय, 7-कालिदास मार्ग पर जनता दर्शन कार्यक्रम आयोजित किया, जिसमें प्रदेश के करीब तीन दर्जन जिलों से आए सैकड़ों लोगों की समस्याएं और शिकायतें सुनी गईं। उपमुख्यमंत्री ने प्रत्येक व्यक्ति की बात गंभीरता से सुनी और संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के स्पष्ट निर्देश दिए।
श्री मौर्य ने जनसुनवाई के दौरान कहा कि जनता की समस्याओं का निस्तारण इस प्रकार किया जाए कि व्यक्ति को दुबारा भटकना न पड़े और बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि समस्याओं का समयबद्ध एवं गुणवत्ता पूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए, किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उपमुख्यमंत्री ने विशेष रूप से भूमि विवाद, अवैध कब्जे, उत्पीड़न, स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क निर्माण, बिजली, अतिक्रमण हटाने, दुर्घटनाओं से संबंधित राहत, अभियुक्तों की गिरफ्तारी जैसे मामलों को गंभीरता से लेकर संवेदनशीलता के साथ समाधान करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जहां आवश्यक हो, वहां कठोरतम कार्यवाही की जाए।
जनता दर्शन में उपमुख्यमंत्री स्वयं फरियादियों के पास जाकर उनसे सीधा संवाद करते रहे और एक-एक समस्या को ध्यानपूर्वक सुना। इस दौरान उन्होंने प्रतापगढ़, प्रयागराज, सिद्धार्थनगर, जौनपुर, सीतापुर, फतेहपुर, कानपुर देहात, पीलीभीत, बाराबंकी, रायबरेली, लखीमपुर, बहराइच और सुल्तानपुर के जिलाधिकारियों एवं पुलिस अधीक्षकों से दूरभाष पर वार्ता कर मामलों के तत्काल समाधान के निर्देश दिए।
भूमि से संबंधित प्रकरणों को विशेष रूप से गंभीरता से लेते हुए उन्होंने जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम बनाकर विवादित स्थलों पर भेजा जाए और स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से यह भी अपेक्षा जताई कि समस्याओं का समाधान इस प्रकार हो कि शिकायतकर्ता संतुष्ट हो और उसे न्याय का विश्वास प्राप्त हो।
What's Your Reaction?