राज्यपाल से मोंटाना (अमेरिका) से आए छात्र प्रतिनिधिमंडल ने की भेंट

Jul 8, 2025 - 21:38
 0  15
राज्यपाल से मोंटाना (अमेरिका) से आए छात्र प्रतिनिधिमंडल ने की भेंट

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मंगलवार को अमेरिका के मोंटाना राज्य से आए छात्र प्रतिनिधिमंडल ने राजभवन, लखनऊ में शिष्टाचार भेंट की।

प्रतिनिधिमंडल “मोंटाना वर्ल्ड अफेयर्स काउंसिल” और “कौंसुलेट जनरल ऑफ इंडिया, सिएटल” के संयुक्त तत्वावधान में सांस्कृतिक एवं शैक्षिक आदान-प्रदान के उद्देश्य से भारत दौरे पर है। प्रतिनिधिमंडल में सात हाई स्कूल छात्र और तीन अधिवेक्षक (चौपरोंस) शामिल हैं। ये छात्र “इकोनोक्वेस्ट-2025” और “अकादमिक वर्ल्डक्वेस्ट-2025” में मोंटाना स्टेट यूनिवर्सिटी व यूनिवर्सिटी ऑफ मोंटाना, मिसूला में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर भारत यात्रा के लिए चयनित हुए हैं।

राज्यपाल से प्रतिनिधिमंडल की संवादात्मक चर्चा के दौरान भारत की शिक्षा प्रणाली की विशेष सराहना की गई। प्रतिनिधिमंडल ने भारत में महिलाओं के सतत विकास और सशक्तिकरण को अत्यंत प्रेरणादायक बताया। 

राज्यपाल ने कहा कि भारत सरकार की योजनाओं से महिलाएं तेजी से शिक्षित, आत्मनिर्भर और जागरूक हो रही हैं। उन्होंने उल्लेख किया कि विश्वविद्यालयों के दीक्षांत समारोहों में स्वर्ण पदक प्राप्त करने वालों में छात्राओं की संख्या अधिक होती है। राज्यपाल ने छात्रों को भारत की प्राचीन लिपियों, शिलालेखों और सभ्यताओं की परंपरा से अवगत कराया।

उन्होंने मोहनजोदड़ो की खुदाई में प्राप्त अवशेषों का उल्लेख करते हुए संगठित नगर नियोजन और शिक्षा की ऐतिहासिक परंपरा पर प्रकाश डाला। उन्होंने नालंदा विश्वविद्यालय की ऐतिहासिक भूमिका बताते हुए कहा कि यह ज्ञान का अद्वितीय केंद्र था, जहां देश-विदेश के हजारों छात्र अध्ययन के लिए आते थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा नालंदा विश्वविद्यालय की पुनर्स्थापना को उन्होंने भारत की गौरवशाली शैक्षिक परंपरा को पुनर्जीवित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

राज्यपाल ने बताया कि भारत में महिलाएं आज कृषि, पशुपालन, चिकित्सा, प्रशासन, राजनीति, शिक्षा, विज्ञान, और पुलिस सेवा तक में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं। ग्राम पंचायत से लेकर संसद तक महिलाओं की प्रभावशाली उपस्थिति सशक्त नेतृत्व का प्रतीक बन चुकी है। राज्यपाल ने यह भी कहा कि भारत में महिलाएं पुरुषों के समान वेतन प्राप्त करती हैं और संयुक्त परिवारों की सामाजिक संरचना उन्हें सहारा देती है। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को विश्वविद्यालयों में महिलाओं के सशक्तिकरण हेतु आयोजित गतिविधियों, सम्मेलनों और उनके प्रभावों की जानकारी भी दी।

प्रतिनिधिमंडल ने भारत की समृद्ध सांस्कृतिक और शैक्षिक विरासत से प्रभावित होकर आभार व्यक्त किया।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow