लखनऊ पेपर मर्चेंट्स एसोसिएशन ने वित्त मंत्री एवं जीएसटी आयुक्त से की मुलाकात
लखनऊ। लखनऊ पेपर मर्चेंट्स असोसिएशन का प्रतिनिधिमंडल उपाध्यक्ष संजय काबरा के नेतृत्व में वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना से मिला और कागज़ व्यापार पर लागू जीएसटी की विसंगति का ज्ञापन सौंपा।
मंत्री ने इस मुद्दे को गंभीर मानते हुए वाणिज्य कर (जीएसटी) आयुक्त नितिन बंसल से दूरभाष पर बातचीत की और मामला नई दिल्ली तक उठाने का निर्देश दिया। ज्ञापन भी आयुक्त को भेजा गया।
इसके बाद असोसिएशन का प्रतिनिधिमंडल नितिन बंसल से मिला। आयुक्त ने प्रतिनिधियों की बातें ध्यानपूर्वक सुनीं और भरोसा दिलाया कि वह विषय को केंद्र स्तर पर उठाकर समाधान का प्रयास करेंगे।
एसोसिएशन ने कहा कि पेपर की आपूर्ति को अंतिम उपयोग के आधार पर अलग करना व्यावहारिक नहीं है। इससे दुरुपयोग, मुकदमेबाजी और भ्रष्टाचार बढ़ेगा। बिल ऑफ सप्लाई पर ई-इन्वॉइसिंग लागू न होने से राजस्व हानि की आशंका भी है।
एसोसिएशन ने कागज़ और अभ्यास पुस्तिकाओं पर समान 5 प्रतिशत जीएसटी दर लागू करने की मांग की है, ताकि अनुपालन सरल हो और पेपर मिलों, वितरकों तथा छोटे अभ्यास पुस्तिका निर्माताओं को राहत मिल सके।
प्रतिनिधिमंडल में अध्यक्ष अमर प्रकाश अग्रवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजय काबरा, उपाध्यक्ष मनोज तिवारी, सदस्य विष्णु अग्रवाल और सौरभ अग्रवाल शामिल रहे।
What's Your Reaction?