सर्व धर्म पाठ कर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी को अर्पित की गई भावभीनी श्रद्धांजलि
लखनऊ। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी के बलिदान दिवस (30 जनवरी) के मौके पर शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर सर्व धर्म शांति पाठ का आयोजन किया गया। पूर्वान्ह 10ः59 बजे सायरन बजते ही कांग्रेस के वरिष्ठ एवं पूर्व विधायक श्याम किशोर शुक्ला के नेतृत्व में वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने दो मिनट मौन रखकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पर एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता पूर्व विधायक श्याम किशोर शुक्ल ने की तथा संचालन उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी कंट्रोल रूम के प्रभारी विजय बहादुर ने किया। सर्वप्रथम उपस्थित सभी नेताओं ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किया।
इस मौके पर पूर्व विधायक श्याम किशोर शुक्ला ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी के मूल्यों और आदर्शों की आज पूरी दुनिया में पूजा हो रही है लेकिन बड़े दुःख की बात है कि मौजूदा सरकार के समर्थन में कुछ ऐसे तत्व हैं जो राष्ट्रपिता की हत्या करने वाली विचारधारा का संरक्षण करते हैं। जबकि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी ने पूरी दुनिया और मानवता को बड़ी से बड़ी लड़ाई जीतने के लिए तीन बड़े अस्त्र उपलब्ध कराये हैं। सत्य के प्रति आग्रह करना (सत्याग्रह), सविनय पूर्वक अवज्ञा (सविनय अवज्ञा), करो या मरो। आज सबसे ज्यादा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी के विचार प्रासंगिक हैं।
संगोष्ठी को सम्बोधित करते हुए उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष ने कहा कि मौजूदा माहौल को देखकर यह अंदाजा लगाना बहुत सहज हो जाता है कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी ने कितने कठिन और मुश्किल हालात में हमें आजादी दिलाई होगी।
विचार गोष्ठी एवं श्रद्धांजलि सभा में प्रमुख रूप से प्रदेश कांग्रेस कोषाध्यक्ष शिव पाण्डेय, पूर्व मंत्री राज बहादुर, वरिष्ठ कांग्रेस नेता रमेश मिश्रा, मीडिया विभाग के वाइस चेयरमैन मनीष हिंदवी, सरदार रंजीत सिंह, अनीस अंसारी, बृजेन्द्र सिंह, शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमित श्रीवास्तव त्यागी, अब्दुल्ला शेर खान, कै0 वंशीधर मिश्रा, वेद प्रकाश त्रिपाठी, विजय सक्सेना, जितेन्द्र वर्मा, योगेश्वर सिंह, नरेन्द्र त्रिपाठी, मुन्ना लाल भारती, वसीउल्लाह खान, अभिमन्यु सिंह, डॉ0 पी0के0 त्यागी, सहित भारी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।
What's Your Reaction?