अमृत सरोवर परियोजना शीर्ष प्राथमिकता में, गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराया जाएगा - नगर आयुक्त
अलीगढ़। नगर निगम द्वारा अमृत सरोवर 2.0 योजना के अंतर्गत शहर की शक्ति नगर, नई बस्ती एवं गूलर रोड स्थित पोखरों के व्यापक कायाकल्प एवं सौंदर्यीकरण का कार्य तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना का उद्देश्य जल संरक्षण, भू-जल रिचार्ज, जलभराव की समस्या से राहत और नागरिकों के लिए हरित एवं मनोरंजन स्थल विकसित करना है।
लगभग 10.11 करोड़ की लागत से संचालित इस परियोजना के अंतर्गत पोखरों की जल संग्रहण क्षमता में कई गुना वृद्धि की जा रही है। साथ ही यहां बाउंड्री वॉल, फुटपाथ, स्टोन पिचिंग, बैठने की व्यवस्था, दीवारों का सौंदर्यीकरण एवं कैफेटेरिया जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं, जिससे भविष्य में यह स्थल पिकनिक प्वाइंट एवं छोटे सांस्कृतिक आयोजनों के लिए भी उपयोगी होंगे। परियोजना के तहत प्रथम क़िस्त से निर्धारित कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है एवं संबंधित फर्मों द्वारा प्रमाणपत्र भी प्रस्तुत किए जा चुके हैं। शेष कार्यों के लिए द्वितीय क़िस्त आवंटन के लिए आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण कर शासन को प्रस्ताव प्रेषित कर दिया गया है। नगर निगम निर्माण विभाग के अनुसार शासन स्तर से धनराशि आवंटित होते ही कार्य पुनः प्रारंभ कर दिया जाएगा और विस्तारित समय-सीमा 31 मार्च 2026 से पूर्व कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।
नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने बताया कि यह परियोजना शहर के लिए दीर्घकालिक लाभकारी सिद्ध होगी। इससे न केवल जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि शहरी सौंदर्यीकरण एवं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी यह एक महत्वपूर्ण कदम होगा। उन्होंने नागरिकों को आश्वस्त किया है कि अमृत सरोवर परियोजना शासन की प्राथमिकता में है और इसे गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराया जाएगा।
What's Your Reaction?