डीएम संजीव रंजन ने दिए निर्देश, 15 अप्रैल तक कैंप लगाकर शत-प्रतिशत किसानों के बनाए जाएं पहचान पत्र
अलीगढ़, संवाददाता। जिलाधिकारी संजीव रंजन ने किसान हित में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए स्पष्ट किया है कि अब कृषि एवं संबद्ध विभागों की सभी लाभार्थी योजनाओं का लाभ केवल उन्हीं किसानों को मिलेगा, जिनके पास किसान पहचान पत्र होगा। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि 6 से 15 अप्रैल तक चल रहे विशेष अभियान में तेजी लाते हुए शत-प्रतिशत किसानों के फार्मर आईडी तैयार कराए जाएं।
जिलाधिकारी ने बताया कि भारत सरकार की ऐग्रीस्टैक योजना के अंतर्गत प्रदेश में अब तक लगभग 75 प्रतिशत किसानों के पहचान पत्र बनाए जा चुके हैं। शेष किसानों को भी शीघ्र इस व्यवस्था से जोड़ने के लिए विशेष कैंप आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि कोई भी किसान सरकारी योजनाओं से वंचित न रह जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि सहित कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं यथा उर्वरक, बीज, कीटनाशी एवं अन्य कृषि इनपुट के वितरण में लाभार्थियों का चयन किसान पहचान पत्र के आधार पर ही किया जाएगा। इसके साथ ही न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गेहूं, धान, दलहन एवं तिलहन की खरीद भी अब केवल उन्हीं किसानों से की जाएगी, जिनके पास वैध फार्मर आईडी होगी।
डीएम ने बताया कि मई से उर्वरकों का वितरण भी फार्मर रजिस्ट्री एवं किसान पहचान पत्र के माध्यम से ही किया जाएगा। इसके लिए आई एफ एम एस पोर्टल को ऐग्रीस्टैक से जोड़ा जा रहा है, जिससे पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और डिजिटल होगी। उन्होंने सभी संबंधित विभागों उद्यान, पशुपालन, मत्स्य, सहकारिता एवं लघु सिंचाई को निर्देशित किया कि वे भी अपनी योजनाओं में किसान पहचान पत्र को अनिवार्य करने की तैयारी 31 मई तक पूर्ण कर लें। जिलाधिकारी ने किसानों से अपील की है कि वे निकटतम कैंप में जाकर अपना किसान पहचान पत्र अवश्य बनवाएं, ताकि भविष्य में किसी भी योजना के लाभ से वंचित न रहें।
What's Your Reaction?