’’मिशन: सेफ फ्यूचर’’ अभियान के तहत स्कूली वाहनों पर सख्ती, 15 वाहनों के चालान, 8 सीज
अलीगढ़, संवाददाता। परिवहन आयुक्त, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशानुसार प्रदेशव्यापी ’’मिशन: सेफ फ्यूचर’’ के अंतर्गत शुक्रवार को अलीगढ़ में स्कूली वाहनों की सघन जांच एवं जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान परिवहन विभाग की टीम ने विभिन्न विद्यालयों का निरीक्षण कर स्कूल प्रबंधन, वाहन चालकों एवं विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया। वहीं नियमों की अनदेखी करने वाले स्कूल वाहनों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करते हुए 15 स्कूली वाहनों का चालान तथा 8 वाहनों को निरुद्ध किया गया।
संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन दिनेश कुमार, संभागीय परिवहन अधिकारी प्रशासन दीपक कुमार शाह, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रशासन/प्रवर्तन सतेन्द्र कुमार तथा प्रधान सहायक उपेन्द्र विक्रम सिंह ने महर्षि विद्या मंदिर सहित अन्य विद्यालयों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने विद्यालय संचालकों एवं प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए कि केवल फिटनेस, परमिट एवं अन्य सभी वैध प्रपत्र पूर्ण होने पर ही स्कूल वाहनों का संचालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों का सदैव पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय प्रबंधन को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक विद्यार्थियों को न बैठाया जाए तथा प्रत्येक विद्यालय में विद्यालय परिवहन सुरक्षा समिति का गठन कर प्रत्येक माह वाहनों के दस्तावेजों एवं सुरक्षा मानकों की समीक्षा की जाए। वाहन चालकों एवं परिचालकों को निर्धारित वर्दी एवं पहचान पत्र के साथ ड्यूटी करने, मोबाइल फोन का प्रयोग न करने, नशामुक्त रहकर वाहन संचालन करने तथा ओवरस्पीडिंग से बचने के निर्देश भी दिए गए।
मार्ग चेकिंग अभियान के दौरान अलबरकात स्कूल, आयशा तरीन स्कूल, अलीगढ़ इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल, अलीगढ़ इस्लामिक स्कूल, गगन पब्लिक स्कूल, संत फिदेलिस स्कूल सहित अन्य विद्यालयों के नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। इसके अतिरिक्त अनधिकृत रूप से संचालित 8 वाहनों के विरुद्ध भी चालान एवं निरुद्ध करने की कार्रवाई की गई, जबकि सड़क सुरक्षा संबंधी विभिन्न उल्लंघनों में 32 अन्य वाहनों के चालान किए गए।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता है। अभियान के दौरान वाहन चालकों एवं आमजन को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के पालन के लिए जागरूक किया गया। विभाग ने कहा कि ’’मिशन: सेफ फ्यूचर’’ के तहत यह अभियान आगामी दिनों में भी लगातार जारी रहेगा।
What's Your Reaction?