महाशिवरात्रि को लेकर प्रशासन सतर्क, डीएम व एसपी ने प्रमुख शिवालयों का किया निरीक्षण

Feb 13, 2026 - 19:32
 0  23
महाशिवरात्रि को लेकर प्रशासन सतर्क, डीएम व एसपी ने प्रमुख शिवालयों का किया निरीक्षण

अमेठी। महाशिवरात्रि पर्व के दृष्टिगत जनपद में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी संजय चौहान एवं पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने शुक्रवार को संयुक्त रूप से तहसील तिलोई अंतर्गत तपेश्वर नाथ धाम तथा तहसील मुसाफिरखाना अंतर्गत श्री दण्डेश्वर नाथ धाम का स्थलीय निरीक्षण किया। 

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना कर जलाभिषेक किया तथा जनपदवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की। इसके पश्चात उन्होंने मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता, आवागमन, पार्किंग तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का गहनता से निरीक्षण किया। 

जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि महाशिवरात्रि पर संभावित भीड़ को देखते हुए पर्याप्त बैरिकेडिंग, साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, अस्थायी शौचालय एवं चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। 

पुलिस अधीक्षक ने मेला क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी, सीसीटीवी कैमरों की सक्रियता तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के निर्देश दिए। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों व कर्मचारियों को पूरी सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने को कहा। 

निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी तिलोई अमित सिंह, उपजिलाधिकारी मुसाफिरखाना अभिनव कन्नौजिया, पुलिस क्षेत्राधिकारी, खंड विकास अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow