भारतीय खाद्य निगम डिपो पी0ई0जी0 गोदाम जामों का जिलाधिकारी ने किया औचक निरीक्षण

Oct 5, 2026 - 20:41
 0  9
भारतीय खाद्य निगम डिपो पी0ई0जी0 गोदाम जामों का जिलाधिकारी ने किया औचक निरीक्षण

अमेठी (संवाददाता)। जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने सोमवार को भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) डिपो पी0ई0जी0 गोदाम, जामों का आकस्मिक निरीक्षण कर खाद्यान्न भंडारण एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया। 

निरीक्षण के दौरान उन्होंने गोदाम में उपलब्ध गेहूं एवं चावल के भंडारण, लोडिंग-अनलोडिंग व्यवस्था, स्टॉक की स्थिति तथा रखरखाव संबंधी व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गोदाम प्रभारी से खाद्यान्न के भंडारण एवं वितरण संबंधी जानकारी प्राप्त की। 

गोदाम प्रभारी ने बताया कि डिपो में वर्तमान में गेहूं एवं चावल का भंडारण किया गया है। जिलाधिकारी ने खाद्यान्न की गुणवत्ता, नमी की स्थिति तथा भंडारण संबंधी मानकों की जानकारी लेते हुए यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि खाद्यान्न की गुणवत्ता किसी भी स्तर पर प्रभावित न होने पाए। गोदाम प्रभारी द्वारा बताया गया कि वर्तमान में गोदाम में नमी संबंधी कोई समस्या नहीं है। 

जिलाधिकारी ने गोदाम परिसर में रखे खाद्यान्न की गुणवत्ता का निरीक्षण करने के साथ ही चूहों एवं अन्य कारकों से खाद्यान्न की सुरक्षा के लिए की गई व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने अग्नि सुरक्षा उपकरणों एवं फायर सेफ्टी व्यवस्थाओं की जांच की, जिसमें मौके पर अग्निशमन यंत्र उपलब्ध नहीं पाए गए। इस संबंध में गोदाम प्रभारी ने बताया कि कुछ अग्निशमन यंत्र रिफिलिंग के लिए भेजे गए हैं। 

निरीक्षण के दौरान फायर अलार्म सिस्टम भी कार्यरत नहीं पाया गया। गोदाम प्रभारी ने बताया कि विद्युत आपूर्ति बाधित होने के कारण अलार्म संचालित नहीं हो पा रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि गोदाम जैसी संवेदनशील इकाइयों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था किसी भी परिस्थिति में बाधित नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सोलर सिस्टम अथवा बैटरी बैकअप युक्त फायर अलार्म सिस्टम स्थापित कराने के निर्देश दिए, ताकि विद्युत आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में भी सुरक्षा व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित होती रहे। 

निरीक्षण के दौरान गोदाम के विभिन्न स्थानों पर गेहूं के दाने जमीन पर बिखरे हुए पाए गए तथा कई बोरियां फटी हुई मिलीं। इस संबंध में गोदाम प्रभारी ने बताया कि पुरानी एवं क्षतिग्रस्त बोरियों के कारण गेहूं नीचे गिर गया है, जिसे दूसरी बोरियों में भरवाने का कार्य कराया जा रहा है। जिलाधिकारी ने खाद्यान्न के नुकसान को गंभीरता से लेते हुए क्षतिग्रस्त बोरियों को तत्काल बदलने तथा नई बोरियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए शासन को पत्र भेजने के निर्देश दिए। 

साथ ही उन्होंने गोदाम परिसर की नियमित निगरानी एवं साफ-सफाई बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। जिलाधिकारी ने गोदाम की भंडारण क्षमता की भी जानकारी प्राप्त की। गोदाम प्रभारी ने बताया कि डिपो में लगभग 20 हजार मीट्रिक टन खाद्यान्न भंडारित करने की क्षमता उपलब्ध है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि खाद्यान्न भंडारण से संबंधित सभी मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए तथा सुरक्षा, गुणवत्ता और रखरखाव के प्रत्येक पहलू पर विशेष ध्यान दिया जाए, जिससे सार्वजनिक वितरण प्रणाली के लिए सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा सके। 

निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागीय अधिकारी एवं गोदाम के कर्मचारी उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow