मण्डलायुक्त ने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिये समन्वित एवं प्रभावी प्रयास करने के दिए निर्देश
अलीगढ़। आयुक्त, अलीगढ़ मण्डल,़ संगीता सिंह की अध्यक्षता में कमिश्नरी सभागार में मण्डलीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गयी, जिसमें ब्लैक स्पॉटस पर सुधारीकरण, यातायात व्यवस्था के सुगम बनाये जाने एवं सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाये जाने के लिये सभी विभागों द्वारा समन्वित प्रभावी प्रयास किये जाने के निर्देश दिये गये।
संभागीय परिवहन अधिकारी वन्दना सिंह, एआरटीओ प्रवेश कुमार एवं यात्री, मालकर अधिकारी डॉ० ज्योति मिश्रा द्वारा विभिन्न स्थानों पर दो पहिया वाहनों में मॉडीफाईड साइलेन्सर न लगाने एवं स्टंटिंग न करने के लिये जागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान दो पहिया वाहन चालकों को सदैव कम्पनी निर्मित साईलेन्सर का प्रयोग करने एवं वाहन को सीमित व सुरक्षित गति में ही चलाने के लिये जागरूक किया गया। उन्होंने वाहन चलाते समय हेलमेट अवश्य पहनने एवं नशे ही हालत में वाहन न चलाने के लिये प्रेरित किया। तिपहिया वाहन चालकों को जागरूक किया गया कि वह अपने वाहन में निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी न बैठायें और सड़क सुरक्षा के समस्त नियमों का पालन करें।
प्रवर्तन कार्यवाही के दौरान 1 स्कूल वाहन को कार्यालय में बन्द किया गया, हेलमेट के अभियोग में 32, सीटबेल्ट के अभियोग में 4, बिना हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट के अभियोग में 28 एवं मोबाइल फोन के अभियोग में 5 सहित कुल 70 वाहनों के चालान किये गये। अभियान के दौरान वाहन चालकों एवं आम जनमानस को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों से सम्बन्धित पैम्फलेट भी वितरित किये गये तथा उन्हें सड़क सुरक्षा के नियमों का सदैव पालन किये जाने हेतु जागरूक किया गया तथा शपथ दिलायी गयी।
What's Your Reaction?