त्योहारों को लेकर मिलावट खोरों पर सख्ती, खाद्य सुरक्षा विभाग ने की छापेमारी
मौदहा (हमीरपुर)। आगामी त्यौहार होली और पवित्र माह रमजान को लेकर जहां मिलावट खोर सक्रिय हो गए हैं तो वहीं खाद्य सुरक्षा विभाग ने भी छापेमारी शुरू कर दी है, जिसके चलते लगभग आधा दर्जन दुकानों पर छापेमारी कर नोटिस जारी किया गया। पवित्र माह रमजान और महत्वपूर्ण त्यौहार होली को लेकर खाद्य सामग्री में मिलावट करने और खराब सामान बेचने वालों पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी गिरीश वर्मा ने कस्बे थाना चौराहा और मलीकुआं में फल और होटलों सहित मांस की दुकान में छापेमारी की।
हालांकि इसके तीन दिन पहले भी खाद्य सुरक्षा विभाग सहित अन्य विभागों ने एक बडी कार्यवाही की थी। इस दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मलीकुआं चौराहे पर फल की दुकानों और बिरयानी बेचने वालों के साथ ही मुर्गा का मांस बेचने वालों की दुकानों को चेक कर नोटिस दिए। इतना ही नहीं एक फल की दुकान में रखे पुराने खजूरों को नाले में फिकवाकर नष्ट कराए। तो वहीं खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बिरयानी में प्रयोग किए जाने वाले रंग के स्थान पर दूसरे रंग के प्रयोग की सलाह दी और सभी को बताया कि लाइसेंसिग प्रक्रिया आसान है और सभी को लाइसेंस बनवा लेना चाहिए इसके लिए आप लोग कार्यालय आकर हमसे मिलें।
इस दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी गिरीश वर्मा ने बताया कि आगामी त्यौहार होली और पवित्र माह रमजान को लेकर जिलाधिकारी के आदेश पर मिलावट खोरी के खिलाफ अभियान चलाया गया है, जिसके चलते दूध, मावा, फल, सहित अन्य खाद्य पदार्थाे के नमूने लिए गए हैं और कुछ लोगों को नोटिस जारी किया गया है।
What's Your Reaction?