मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत कक्षा 8 की छात्रा कशिश मौर्य बनी एक दिन की एसडीएम
अमेठी। नारी सुरक्षा, सम्मान एवं स्वालंबन के लिए प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज 5.0 अभियान के अंतर्गत बुधवार को जनपद अमेठी की तहसील मुसाफिरखाना में उपजिलाधिकारी मुसाफिरखाना अभिनव कनौजिया के नेतृत्व में एक विशेष पहल की गई। इस पहल के तहत कंपोजिट विद्यालय जमुवारी की कक्षा 8 की छात्रा कशिश मौर्य को एक दिन का उपजिलाधिकारी (एसडीएम) बनने का अवसर प्रदान किया गया।
एसडीएम की जिम्मेदारी संभालते हुए कशिश मौर्य ने तहसील परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न पटलों का जायजा लिया और साफ-सफाई, फाइलों व अभिलेखों के रख-रखाव को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने तहसीलदार के साथ एसडीएम कार्यालय में जनसुनवाई भी की। इस दौरान शिकायत लेकर पहुंचे फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी बालिका एसडीएम के उत्साह और नेतृत्व कौशल की सराहना की।
गौरतलब है कि प्रदेश सरकार द्वारा शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर मिशन शक्ति अभियान 5.0 का शुभारंभ किया गया है। इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रोत्साहित करना है। अभियान के अंतर्गत जनपद में जिलाधिकारी संजय चौहान के निर्देशन में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। साथ ही, महिलाओं एवं बालिकाओं को हेल्पलाइन नंबरों और शासकीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है।
What's Your Reaction?