डीएम की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई ओटीडी सेल की समीक्षा बैठक
बहराइच। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी की अध्यक्षता में ओटीडी सेल की समीक्षा बैठक आयोजित की गयी।
बैठक में सर्वप्रथम जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी द्वारा ओटीडी सेल से सम्बन्धित जनपद के घरेलू उत्पाद अनुमान के सम्बन्ध में अवगत कराया गया। जिसमें उत्तर प्रदेश की जी.डी.पी. को 01 ट्रिलियन डॉलर बनाने हेतु सभी सम्बन्धित क्षेत्र-प्राथमिक (फसलें, पशुधन, वानिकी, मत्स्य, जलीय कृषि एवं खनन, आदि), द्वितीयक (विनिर्माण, विद्युत, गैस एवं जल सम्पूर्ति व अन्य सेवायें, निर्माण), तृतीयक (व्यापार परिवहन, वित्तीय सेवाये, लोक प्रशासन, आदि) क्षेत्रों के सम्बन्ध में अवगत कराया गया कि जनपद की कुल जिला घरेलू सकल उत्पाद वर्ष 2023-24 में रू. 26913 करोड़ है, जो कि प्रदेश में 32वें स्थान पर है। जनपद की प्रति व्यक्ति आय रू. 48264 है, जो कि उत्तर प्रदेश की औसत प्रति व्यक्ति आय रू0 93422 से अत्यधिक कम है। प्राथमिक, द्वितीयक, तृतीयक क्षेत्र में जनपद में लगातार वृद्धि हो रही है।
जिलाधिकारी द्वारा बैठक में निर्देश दिये गये कि प्राथमिक क्षेत्र के अन्तर्गत कृषि विभाग में मक्का, मूंग, उड़द, तिल, उद्यान विभाग के लहसुन, सूखी मिर्च, सब्जी, आलू आदि के उत्पादन में ऋणात्मक प्रगति पर उपनिदेशक कृषि, जिला उद्यान अधिकारी को पुष्टि कर संशोधित डाटा उपलब्ध कराने के निर्देश दिये गये। साथ ही अन्य सम्बन्धित अधिकारियों को अपने विभाग से सम्बन्धित द्वितीयक व तृतीयक क्षेत्र के डेटा को पुष्टि करते हुए यथा आवश्यक संशोधन करते हुए जिला घरेलू उत्पाद बढ़ाने हेतु सार्थक प्रयास किया जाय।
मुख्य विकास अधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि सहकारिता, उद्योग, विद्युत, सोलर ऊर्जा, मण्डी, पर्यटन एवं अन्य महत्वपूर्ण सम्बन्धित विभागों को कार्ययोजना बनाकर विकास करने के निर्देश दिये गये। जिससे कि जनपद का जिला सकल घरेलू उत्पाद बढ़ाया जा सके।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी मुकेश चन्द्र, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी घासीराम, पीडीडीआरडीए अरूण कुमार, बीएसए आशीष कुमार, आबकारी अधिकारी सुधांशु कुमार, उद्यान अधिकारी दिनेश चौधरी, जीएसटी अधिकारी, एलडीएम जितेन्द्र मसंद, सीवीओ डॉ राजेश उपाध्याय, जिला गन्नाधिकारी आनन्द शुक्ला, उपायुक्त उद्योग केशवराम वर्मा, ओटीडी सेल के जिला स्तरीय सदस्यों सहित जनपद स्तरीय अधिकारीगण व अन्य सम्बन्धित मौजूद रहे।
What's Your Reaction?