रक्तदान से बचाई जा सकती है अनमोल जिंदगी - जिलाधिकारी

Apr 24, 2026 - 22:00
 0  2
रक्तदान से बचाई जा सकती है अनमोल जिंदगी - जिलाधिकारी

आजमगढ़, संवाददाता। संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में मानव एकता दिवस के अवसर पर संत निरंकारी भवन, हरबंशपुर, आजमगढ़ में आयोजित रक्तदान शिविर का शुभारम्भ जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार द्वारा किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया।

जिलाधिकारी ने शिविर का अवलोकन करते हुए रक्तदाताओं से संवाद किया तथा उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान एक महान एवं पुनीत कार्य है, जिससे किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन मिल सकता है। उन्होंने कहा कि एक यूनिट रक्त कई जिंदगियों को बचाने में सहायक होता है, इसलिए प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान अवश्य करना चाहिए।

उन्होंने विशेष रूप से पहली बार रक्तदान करने आए युवाओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि रक्तदान से स्वास्थ्य पर किसी प्रकार का प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ता है। उन्होंने बताया कि शरीर द्वारा दान किया गया रक्त 24 से 48 घंटे के भीतर पुनः निर्मित हो जाता है, जिससे शरीर की कार्यप्रणाली पर कोई नकारात्मक असर नहीं पड़ता। उन्होंने भीषण गर्मी के बावजूद शिविर में पहुंचकर रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं की सराहना की और इसे समाज के लिए प्रेरणादायक कदम बताया।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा, जिला अस्पताल के चिकित्सकगण, पैरामेडिकल स्टाफ एवं संत निरंकारी भवन से जुड़े पदाधिकारी एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। चिकित्सकों की टीम द्वारा रक्तदाताओं के स्वास्थ्य की जांच कर सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से रक्त संग्रहण सुनिश्चित किया गया।

शिविर में उपस्थित वक्ताओं ने मानव एकता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में आपसी सहयोग, सेवा एवं भाईचारे की भावना को सुदृढ़ करते हैं।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow