रिक्त शिक्षक पदों पर भर्ती प्रक्रिया तेज, शीघ्र ही विज्ञापन होगा प्रकाशित
अलीगढ़, संवादाता। राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय में शिक्षकों के रिक्त पदों को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि छात्रों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए प्रभावी वैकल्पिक व्यवस्थाएं लागू की गई हैं और नियमित भर्ती प्रक्रिया को तेज गति से आगे बढ़ाया जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि शैक्षणिक गुणवत्ता बनाए रखना सर्वाेच्च प्राथमिकता है।
राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार प्रबुद्ध सिंह ने रिक्त पदों एवं भर्ती प्रक्रिया के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में विश्वद्यिालय में 58 गेस्ट लेक्चरर के माध्यम से विभिन्न पाठ्यक्रमों में नियमित शिक्षण कार्य कराया जा रहा है, जिससे सभी विभागों में पठन-पाठन सुचारु रूप से संचालित है। उन्होंने कहा कि शासन से रिक्त पदों की स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है और स्थायी शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया तेजी के साथ गतिमान है।
रजिस्ट्रार के अनुसार भर्ती से संबंधित आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण की जा रही हैं और शीघ्र ही आवेदन आमंत्रित करने के लिए विज्ञापन प्रकाशित कराया जाएगा। विश्वविद्यालय प्रशासन पारदर्शी और समयबद्ध प्रक्रिया के तहत योग्य शिक्षकों की नियुक्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए शैक्षणिक गतिविधियों की लगातार समीक्षा की जा रही है। नई नियुक्तियों के बाद शिक्षकों की उपलब्धता और सुदृढ़ होगी, जिससे छात्रों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त हो सकेगी।
What's Your Reaction?