सेमल के पेड़ के नीचे हुआ ‘ फायर इन द सेमल ट्री’ पुस्तक का विमोचन

Jul 31, 2026 - 20:55
 0  2
सेमल के पेड़ के नीचे हुआ ‘ फायर इन द सेमल ट्री’ पुस्तक का विमोचन

अलीगढ़, संवाददाता। प्रकृति को करीब से देखने और महसूस करने का एक अनूठा अनुभव शुक्रवार को सामने आया, जब मण्डलायुक्त संगीता सिंह की दूसरी पुस्तक फायर इन द सेमल ट्री का विमोचन उसी सेमल के वृक्ष के नीचे किया गया, जिसके निरंतर अवलोकन से इस पुस्तक की कहानी जन्मी है। यह सेमल का पेड़ मण्डलायुक्त कैम्प परिसर में स्थित है। पुस्तक का विमोचन मण्डल के प्रशासनिक अधिकारियों, पर्यावरण प्रेमियों एवं प्रकृति से जुड़ाव रखने वाले गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में हुआ।

पुस्तक केवल एक वृक्ष की कहानी नहीं है, बल्कि सेमल के माध्यम से जीवन, समय, ऋतु परिवर्तन, प्रकृति और मनुष्य के आत्मीय संबंधों को देखने का एक संवेदनशील प्रयास है। मण्डलायुक्त ने कई महीनों तक सेमल वृक्ष के बदलते रूप, उसके आसपास आने वाले पक्षियों-पशुओं और बदलती ऋतुओं का बारीकी से अवलोकन किया। इन्हीं सहज अनुभवों को सरल और संवेदनशील भाषा में पुस्तक का रूप दिया गया है।

मण्डलायुक्त संगीता सिंह ने कहा कि भागदौड़ भरी जिंदगी में प्रकृति हमें ठहरकर देखने और महसूस करने का अवसर देती है। ऐसी पुस्तकें लोगों को अपने आसपास मौजूद प्रकृति के सूक्ष्म बदलावों को समझने और पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बनने की प्रेरणा देती हैं। उन्होंने कहा कि यह पुस्तक पर्यावरणीय चेतना के साथ-साथ जीवन के विभिन्न पहलुओं को समझने का भी एक प्रयास है। वह कहतीं हैं कि पुस्तक लिखने की कोई पूर्व निर्धारित योजना नहीं थी। सेमल के वृक्ष के साथ लंबे समय तक जुड़ाव और उसके आसपास घटित होने वाली प्राकृतिक गतिविधियों को देखते-देखते विचारों ने शब्दों का रूप ले लिया। पुस्तक में प्रकृति के माध्यम से जीवन के विविध आयामों को सहज और आत्मीय अंदाज में प्रस्तुत किया गया है।

पुस्तक विमोचन कार्यक्रम में उपस्थित पर्यावरण प्रेमियों एवं गणमान्य नागरिकों ने पुस्तक की सराहना करते हुए कहा कि यह कृति पाठकों को प्रकृति को नए नजरिए से देखने के लिए प्रेरित करेगी। वक्ताओं ने कहा कि भागदौड़ भरी ज़िंदगी और प्रशासनिक दायित्वों की व्यस्तता के बीच प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और लेखन का यह प्रयास प्रेरणादायी है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow