सीडीओ ने कस्तूरबा विद्यालय में शिक्षा और खान-पान की गुणवत्ता को परखा; छात्राओं से सीधा संवाद कर लिया फीडबैक
अमेठी, संवाददाता। मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू द्वारा विकासखंड गौरीगंज स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय का सायंकालीन औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान खंड शिक्षा अधिकारी अर्जुन सिंह और विद्यालय की वार्डन अंजू सिंह उपस्थित रहीं। वार्डन द्वारा अवगत कराया गया कि विद्यालय में कुल 94 छात्राओं का नामांकन है, जिसके सापेक्ष निरीक्षण के समय 64 छात्राएं उपस्थित पाई गईं। अवशेष छात्राएं पारिवारिक कार्यक्रमों व अन्य अवकाश के कारण अनुपस्थित थीं। विद्यालय में वार्डन सहित कुल 8 अध्यापिकाएं कार्यरत हैं।
मुख्य विकास अधिकारी ने विद्यालय के विभिन्न अनुभागों का सूक्ष्मता से निरीक्षण किया, जिसमें मुख्य रूप से हॉस्टल कक्षों और भोजनालय (मेस) की स्वच्छता को परखा। उन्होंने जहाँ भोजन सामग्री का भंडारण किया जाता है, वहां खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और रखरखाव की जांच की गई।
विद्यालय प्रांगण की स्वच्छता संतोषजनक पाई गई, जिसे भविष्य में भी इसी प्रकार बनाए रखने हेतु निर्देशित किया गया। निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने कंप्यूटर लैब में ऑनलाइन कक्षाएं ले रही छात्राओं रचना, विभा और प्रिया से बात की। छात्राओं ने बताया कि उन्हें नाश्ते में चना-चाय तथा भोजन में दाल-चावल, रोटी और कद्दू की सब्जी मिली थी। छात्राओं ने भोजन की गुणवत्ता और शिक्षकों द्वारा दी जा रही शिक्षा को उत्कृष्ट बताया।
संगीत कक्ष में ऑनलाइन म्यूजिक सीख रही छात्राओं ने भी खान-पान की व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया और बताया कि उन्हें पर्याप्त व पौष्टिक भोजन प्राप्त हो रहा है। छात्राओं ने जानकारी दी कि उनके अभिभावक प्रत्येक रविवार को उनसे मिलने आते हैं। सीडीओ ने प्रांगण में स्थित ओपन जिम में खेल रही छात्राओं को देखा और प्रसन्नता व्यक्त की।
मुख्य विकास अधिकारी ने वार्डन और संबंधित स्टाफ को निर्देश दिए कि छात्राओं को किसी भी प्रकार की कठिनाई न हो और वे पूर्णतः सुरक्षित व सहज महसूस करें। निर्धारित मेन्यू के अनुसार प्रतिदिन गुणवत्तापूर्ण और पौष्टिक भोजन की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। छात्राओं की मानसिक और तार्किक क्षमता के परीक्षण हेतु समय-समय पर गतिविधियां आयोजित की जाएं ताकि उन्हें बेहतर स्मार्ट स्टडी प्रदान की जा सके।
What's Your Reaction?