प्रभारी मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने मेडिकल कॉलेज का किया निरीक्षण, शेष कार्य शीघ्र पूर्ण करने के दिए निर्देश

Jun 19, 2026 - 22:10
 0  3
प्रभारी मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने मेडिकल कॉलेज का किया निरीक्षण, शेष कार्य शीघ्र पूर्ण करने के दिए निर्देश

अमेठी, संवाददाता। उत्तर प्रदेश सरकार में महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की राज्य मंत्री तथा जनपद की प्रभारी मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने शुक्रवार को अपने एक दिवसीय जनपद भ्रमण के दौरान तिलोई स्थित नव निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। 

इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों को निर्माण कार्यों को निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री ने मेडिकल कॉलेज में स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन एवं शैक्षणिक गतिविधियों की प्रगति के संबंध में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। 

मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. योगेश यादव ने उन्हें अवगत कराया कि वर्तमान में मेडिकल कॉलेज परिसर में मरीजों का उपचार नहीं किया जा रहा है, जबकि 200 शैय्या युक्त रेफरल चिकित्सालय में ओपीडी सेवाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस पाठ्यक्रम की पढ़ाई प्रारंभ हो चुकी है तथा प्रथम बैच में 100 सीटों के सापेक्ष सभी 100 छात्रों का प्रवेश हो चुका है।

प्रभारी मंत्री ने मेडिकल कॉलेज परिसर का भ्रमण करते हुए शैक्षणिक भवन, छात्रावास, प्रशासनिक भवन एवं अन्य निर्माणाधीन सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने तथा परिसर में उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। 

उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज के पूर्ण रूप से संचालित होने से अमेठी सहित आसपास के जनपदों के लोगों को बेहतर एवं आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी, साथ ही चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में भी नए अवसर सृजित होंगे। निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री ने मेडिकल कॉलेज में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनकी शैक्षणिक सुविधाओं, आवास व्यवस्था तथा अन्य आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने छात्रों को मन लगाकर अध्ययन करने और चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने के लिए प्रेरित किया। 

इस अवसर पर जिलाधिकारी संजय चौहान, पुलिस अधीक्षक सरवणन टी., भाजपा जिला अध्यक्ष सुधांशु शुक्ला, भाजपा जिला उपाध्यक्ष भवानी दत्त दीक्षित, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंशुमान सिंह, जिला विकास अधिकारी वीर भानु सिंह, उप जिलाधिकारी तिलोई अमित सिंह, तहसीलदार तिलोई सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow