भाजपा सरकार के झूठ और हवाई वादों का पुलिंदा है राज्यपाल का अभिभाषण: आराधना मिश्रा मोना
लखनऊ। नेता विधान मंडल दल कांग्रेस आराधना मिश्रा मोना ने राज्यपाल के द्वारा अभिभाषण को भाजपा योगी आदित्यनाथ सरकार की झूठी बातों और झूठे वादों का पुलिंदा करार दिया है और राज्यपाल द्वारा पूरा अभिभाषण न पढ़ना, अभिभाषण के मात्र कुछ अंश पढ़ना ये प्रमाण है कि भाजपा की झूठी बातों और वादों को राज्यपाल बार-बार दोहरा नहीं सकतीं।
उन्होंने राज्यपाल के अभिभाषण पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा की अभिभाषण के जो 55 पेज हैं, उसमें अधिकांश बातें और वादे भाजपा के झूठे साबित हुए, राज्यपाल उत्तर प्रदेश में महामहिम के पद यहां पर काफी समय से हैं और भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों और झूठे प्रचार की कार्यशैली को देख रही हैं, इसीलिए उन्होंने अभिभाषण के मात्र कुछ अंश पढ़कर औपचारिकता पूरी की, क्योंकि बीजेपी सरकार पिछले 10 सालों से पुराने कामों को ही नई ब्रांडिंग करके प्रचारित कर रही है, जिसे जनता भी जानती है, अभिभाषण में कोई भी ऐसी नई बात नहीं थी जो भाजपा सरकार की उपलब्धि बनती।
नेता विधान मंडल दल कांग्रेस आराधना मिश्रा मोना ने कहा कि कानून व्यवस्था को लेकर जो बात की गई, वह झूठी है, जाति और धर्म देखकर कार्रवाई हो रही है, अपराध बढ़े हैं, भ्रष्टाचार 10 गुना बढ़ गया, पुलिस विभाग में अभी भी लाखों पद खाली हैं लेकिन सरकार भर्ती न कर अपना झूठा गुणगान कर रही, सरकारी नौकरियां होने के बावजूद नौजवानों को नौकरियां ना देकर आउटसोर्सिंग पर नियुक्ति करके, प्रदेश के युवाओं के जीवन और भविष्य से खिलवाड़ किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि अभिभाषण सरकार की पोल खोलता है, स्वास्थ सेवाओं को पेज नं0 17-18 और 19 पर उद्धृत किया गया है लेकिन सच्चाई तो बिल्कुल अलग है सरकार ने हर जिले में मेडिकल कॉलेज बनाने का प्रचार तो किया लेकिन वहां ना तो भवन निर्माण पूरा है ना डॉक्टर है, ना पैरामेडिकल स्टाफ, और ना दवाई।
कृषि को अभिभाषण में पेज नं0 6, 7, 8, 9 पर लिखा गया है लेकिन कुछ भी नया नहीं, सच्चाई तो ये है कि किसानों को यूरिया और डीएपी समय से नही मिली। किसानों की जान यूरिया डी.ए.पी लेने की लाइन में चली गई और अमेरिका से जो बीजेपी सरकार ने ट्रेड डील की है यह तो किसानों का गला घोटने जैसा है। हमारे देश के किसान का पैदा किया अन्न यदि अमेरिका भेजा जाएगा तो 18 प्रतिशत टैरिफ टैक्स लगेगा जो कांग्रेस सरकार में 9 प्रतिशत था और यदि अमेरिका का किसान अपने किसी उत्पाद को भारत के मार्केट में बेचेगा तो उसे कोई भी आयात शुल्क नहीं देना पड़ेगा यह सीधे तौर पर देश के अन्नदाता से धोखा है।
आराधना मिश्रा मोना ने कहा सही बात तो यह है कि अभिभाषण सिर्फ और सिर्फ भाजपा सरकार की वाहवाही और जनता से किए गए उन झूठे वादों का पुलिंदा था जिसे महामहिम राज्यपाल बखूबी समझ रही थीं इसीलिए उन्होंने उसे पूरा न पढ़कर कुछ अंश पढ़ कर औपचारिकता पूरी की, प्रदेश की जनता भाजपा सरकार के झूठ से ऊब चुकी है, अब तो बच्चे-बच्चे को बीजेपी की खोखली बातें समझ आ गई हैं। अब 2027 में बीजेपी की विदाई तय है।
सोमवार को विधानसभा सत्र के पहले दिन कांग्रेस ने इंडिया गठबंधन के दलों के साथ संयुक्त रूप से, बेरोजगारी, महंगाई और स्वास्थ्य बदहाली, और एस0आई0आर0 में धांधली वोट काटने को लेकर विधानसभा स्थित चौधरी चरण सिंह जी की प्रतिमा के समक्ष विरोध प्रदर्शन किया।
What's Your Reaction?