अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर अमेठी में महिलाओं का सम्मान, नव-नियुक्त मुख्य सेविका को मिला नियुक्ति पत्र

Mar 8, 2026 - 19:16
 0  21
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर अमेठी में महिलाओं का सम्मान, नव-नियुक्त मुख्य सेविका को मिला नियुक्ति पत्र

अमेठी। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लखनऊ स्थित जुपिटर ऑडिटोरियम, इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित भव्य कार्यक्रम में पिंक रोजगार महाकुंभ-2026 के तहत महिलाओं के सशक्तिकरण को लेकर कई महत्वपूर्ण पहल की गईं। इस अवसर पर 5,000 से अधिक महिलाओं को रोजगार के ऑफर प्रदान किए गए तथा रोजगार उपलब्ध कराने वाले प्लेटफॉर्म ‘रोजगार संगम पोर्टल’ के मोबाइल ऐप की लॉन्चिंग भी की गई। 

साथ ही 94 नव-नियुक्त मुख्य सेविकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए, उत्कृष्ट महिला कार्मिकों और मेधावी बालिकाओं को सम्मानित किया गया तथा नारी शक्ति अवॉर्ड प्रदान किए गए। इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री द्वारा कन्या सुमंगला योजना की लाभार्थी बालिकाओं को चेक वितरण किया गया और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के बीमा प्रीमियम तथा साड़ी/वर्दी के लिए 3,849 लाख रुपये की धनराशि डीबीटी के माध्यम से अंतरित की गई। 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में प्रदेश की समस्त महिलाओं एवं बालिकाओं को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि “जहां नारी का सम्मान होता है, वहीं देवताओं का वास होता है।” उन्होंने कहा कि जब परिवार की महिला सशक्त होती है तो वह केवल स्वयं का जीवन नहीं बदलती, बल्कि पूरे परिवार और समाज को नई दिशा देती है।

उन्होंने सभी से नारी सम्मान और सुरक्षा का संकल्प लेने का आह्वान किया। इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण विकास भवन सभागार, अमेठी में किया गया, जहां मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि की उपस्थिति में विभिन्न महिलाओं और कार्मिकों को सम्मानित किया गया। 

इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष ने नव-नियुक्त मुख्य सेविका शालिनी को नियुक्ति पत्र प्रदान किया। साथ ही बाल विकास विभाग की 9 मुख्य सेविकाओं - साधना शुक्ला, संगीता यादव, सोमवती, नेहा उपाध्याय, संगीता, प्रगति जायसवाल, अर्चना यादव, वंदना विश्वकर्मा तथा प्रीतिमाकृको मोमेंटो एवं गिफ्ट पैक देकर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त महिला कल्याण विभाग की रुचि सिंह, बेबी सिंह, ममता यादव (केस वर्कर, वन स्टॉप सेंटर), नीरज पांडे, रीता सिंह, बाल कल्याण समिति की सदस्य जान्हवी गुप्ता, सहायक लेखाकार तथा कंप्यूटर ऑपरेटर स्वाति सिंह को प्रशस्ति पत्र, मोमेंटो एवं गिफ्ट पैक देकर सम्मानित किया गया। वहीं 25 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि महिलाओं का सम्मान और सशक्तिकरण किसी भी समाज की प्रगति की सबसे मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं शिक्षा, प्रशासन, राजनीति, विज्ञान, खेल सहित हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का लोहा मनवा रही हैं। प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ आज बड़ी संख्या में महिलाएं प्राप्त कर रही हैं। 

उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण केवल एक नारा नहीं बल्कि सामाजिक परिवर्तन का आधार है। जब एक महिला शिक्षित और आत्मनिर्भर बनती है तो वह पूरे परिवार और आने वाली पीढ़ियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है। उन्होंने सभी से महिलाओं के अधिकारों का सम्मान करने और उन्हें समाज में समान अवसर प्रदान करने का आह्वान किया। 

कार्यक्रम के दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी संतोष श्रीवास्तव ने “नारी तुम श्रद्धा हो, आ तुझको नमन कर लूं” गीत के माध्यम से उपस्थित मातृशक्ति को सम्मान अर्पित किया। इस अवसर पर जिला सेवायोजन अधिकारी अनुपमा रानी एवं उपजिलाधिकारी प्रीति तिवारी ने भी महिला सशक्तिकरण पर अपने विचार व्यक्त किए। 

कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी नितेश राज, नायब तहसीलदार गौरीगंज, बाल विकास परियोजना अधिकारी अमेठी रूपेश सरोज, भादर के सत्यजीत सिंह सहित मुख्य सेविकाएं और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां उपस्थित रहीं। 

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow