निर्धारित लक्ष्य के अनुसार शत-प्रतिशत वृक्षारोपण करायें - जिलाधिकारी
आजमगढ़। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला वृक्षारोपण, गंगा समिति/वेटलैंड समिति की बैठक आयोजित की गई।
वृक्षारोपण की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि शासन द्वारा विभागों को निर्धारित किये गये लक्ष्य के अनुसार प्रत्येक विभाग वृक्षारोपण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि लक्ष्य के सापेक्ष वृक्षारोपण अभियान में पीछे चल रहे औद्योगिक विकास, माध्यमिक शिक्षा, उच्च शिक्षा, सिंचाई, लोक निर्माण विभाग, सहकारिता, गृह विभाग, स्वास्थ्य विभाग, पर्यावरण, प्राविधिक, उद्यान, कृषि, ग्राम्य विकास, पशुपालन, नगर विकास, रेशम, श्रम, रेलवे, बेसिक शिक्षा, उद्योग, जल शक्ति नमामि गंगे, परिवहन, आवास, ऊर्जा, रक्षा आदि विभाग प्रत्येक दशा में दिनांक 19 जुलाई 2025 की शाम तक शत प्रतिशत वृक्षारोपण कराना सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने गंगा समिति की समीक्षा करते हुए अधिशासी अभियंता जल निगम नगरीय को निर्देश दिया कि शहर के जितने नाले, नदियों में गिर रहे हैं, उनके लिए एसटीपी निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर एक सप्ताह में शासन को प्रेषित करना सुनिश्चित करें। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिया कि सभी चिकित्सालयों में बायोमेडिकल वेस्ट को प्रापर तरीके से डिस्पोज कराएं।
वेटलैंड समिति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि शत-प्रतिशत वेटलैंड को चिन्हित किया जाए। उन्होंने मुख्य राजस्व अधिकारी से कहा कि वेटलैंड चिन्हित करने के पश्चात पैमाइश कराकर पत्थर गड़वायें। उन्होंने डीसी मनरेगा को निर्देश दिया कि चिन्हित जमीनों पर वन विभाग से समन्वय स्थापित कर वृक्षारोपण कराना सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने जनपद में चल रहे संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान के अंतर्गत पशुपालन विभाग, पंचायती राज विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा कराए जा रहे कार्यों की समीक्षा किया। उन्होंने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को संचारी रोग नियंत्रण अभियान के अंतर्गत पशुपालकों का संवेदीकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पशुपालकों के पूरे परिवार का शत प्रतिशत टीकाकरण कराएं। उन्होंने कहा कि परिवारों को सफाई, स्वच्छता एवं मच्छरदानी का प्रयोग करने हेतु जागरूक करें।
उन्होंने कहा कि ब्लॉक, ग्राम पंचायत वार पशुपालकों का नाम, पता, मोबाइल नंबर सहित सूची स्वास्थ्य विभाग को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि बाढ़ से प्रभावित होने वाले क्षेत्रों में शत प्रतिशत पशुओं का टीकाकरण सुनिश्चित करायें। उन्होंने कहा कि अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व से समन्वय स्थापित कर पशुओं के लिए भूसा, चारा आदि की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करायें। उन्होंने कहा कि कहीं भी जल जमाव की स्थिति ना हो, वहां प्रापर तरीके से मिट्टी भरवायें। उन्होंने कहा कि एंटी लार्वा, चूना, फॉगिंग एवं कीटनाशक दवाओं का छिड़काव कराते रहें। उन्होंने कहा कि स्कूल आने वाले सभी बच्चों को फुल आस्तीन के शर्ट/पैंट पहनने के लिए निर्देशित करें। इसके साथ ही समस्त नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सफाई अभियान चलाया जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना, मुख्य राजस्व अधिकारी संजीव ओझा, अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुवन कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 गम्भीर सिंह, डीएफओ, डीआईओएस उपेन्द्र कुमार, स्वास्थ्य विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?