प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक सम्पन्न

Jul 30, 2025 - 20:37
 0  25
प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक सम्पन्न

मऊ। जनपद के प्रभारी मंत्री तथा खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री गिरीश चन्द्र यादव की अध्यक्षता में बुधवार को विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई। 

विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान पंडित दीनदयाल उपाध्याय सोलर लाइट योजना की समीक्षा में शत-प्रतिशत लक्ष्य पूर्ण पाया गया। इस दौरान मंत्री ने पूर्ण योजना में जनप्रतिनिधियों की भागीदारी उपस्थित रही या नहीं के संबंध में जानकारी भी ली। पीएम सूर्य घर मुक्त बिजली योजना की समीक्षा के दौरान 31 प्रतिशत कार्य पूर्ण होने पर उन्होंने योजना के संबंध में लोगों को अधिक से अधिक जागरूक करते हुए योजना से लाभान्वित करने के निर्देश दिए। 

खराब ट्रांसफार्मर की शिकायत में अधिशासी अभियंता विद्युत को खराब ट्रांसफार्मर को जल्द से जल्द बदलने ने के निर्देश दिए तथा दैनिक आपदा में खराब हुए ट्रांसफार्मर, जर्जर तार एवं बिजली के पोल को जल्द से जल्द ठीक करने के भी निर्देश प्रभारी मंत्री ने दिये। इस दौरान उन्होंने बिजली के बिल में किसी भी दशा में उपभोक्ताओं को गलत बिजली का बिल जारी न करने के सख्त निर्देश दिए एवं उन्होंने अधिशासी अभियंता विद्युत को निर्देश दिए की जहां से बिजली का बिल निर्गत होता है वहां पर मिलान करें और ऐसी स्थिति आती है तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई भी करें। 

प्रभारी मंत्री ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना में पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ देने के निर्देश जिला कृषि अधिकारी को दिए एवं इस दौरान उन्होंने कितने किसान फसल बीमा योजना से आच्छादित है के बारे में जानकारी भी ली। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण एवं शहरी की समीक्षा के दौरान मंत्री ने मजदूरी व्यय के पैसे कितने लोगों को गया है के बारे में जानकारी ली तथा इस योजना में बने आवास पर योजना नाम लिखने तथा प्रत्येक किस्त के भुगतान के उपरांत निर्माण कार्य की जांच करने के निर्देश परियोजना निदेशक को दिए।

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने 102 एवं 108 एंबुलेंस सेवा में ऑक्सीजन, ए.सी. एवं अन्य आवश्यक सामग्री की जांच प्रत्येक माह लोकल स्तर पर कराने की निर्देश दिए जिससे मरीजों को ले आने एवं ले जाने में किसी भी प्रकार की समस्या न हो। समीक्षा के दौरान उन्होंने सरकारी अस्पताल में डायलिसिस के बेड की उपलब्धता कम होने एवं डायलिसिस के मरीजों की संख्या की वेटिंग ज्यादा होने पर मंत्री ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को डायलिसिस बेड की संख्या बढ़ाने हेतु पत्र लिखने के निर्देश दिए। 

जल निगम विभाग की समीक्षा के दौरान जनपद में कितनी ग्राम पंचायत में ओवर हैड टैंक बने हैं के बारे में जानकारी लेते हुए अधिशासी अधिकारी जल निगम को जितनी ग्राम पंचायत में अभी तक ओवर हैड टैंक नहीं बने हैं को जल्द से जल्द बनवाने के सख्त निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने कितनी ग्राम पंचायतो में ओवर हैड टैंक का निर्माण कार्य सत प्रतिशत पूर्ण हो गया है के बारे में जानकारी लेते हुए ऐसी चार ग्राम पंचायत का नाम बताने के भी निर्देश दिए। उन्होंने जल निगम विभाग के कार्यों की जांच हेतु मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में कमेटी गठन कर जांच करने के निर्देश दिए एवं उसकी रिपोर्ट उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए। 

फैमिली आईडी के कार्य में कम प्रगति होने पर उन्होंने इसमें प्रगति लाने के निर्देश दिए एवं कहा कि माननीय मुख्यमंत्री जी का विशेष जोर फैमिली आईडी बनाने पर दिया जा रहा है इसलिए इस कार्य में कोई भी अधिकारी एवं कर्मचारी किसी भी प्रकार की लापरवाही ना करें अन्यथा की स्थिति में संबंधित के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी। इस दौरान उन्होंने जनपद में जितने भी निर्माण कार्य हो रहे हैं निर्माण कार्य हैंडोवर होने से पूर्व उसकी जांच करने के भी निर्देश दिए। 

शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान विकास खंड स्तर के अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक विद्यालयों में जाकर गुणवत्तापूर्ण भोजन बनाने की जांच करें। इस दौरान जिला प्रोबेशन अधिकारी के बैठक में उपस्थित न होने पर उन्होंने जिला प्रोबेशन अधिकारी से स्पष्टीकरण लेने एवं इनका एक दिन का वेतन रोकने के भी निर्देश दिए। कानून व्यवस्था की समीक्षा के दौरान उन्होंने एससी, एसटी एक्ट, पाक्सो, गैंगस्टर, गुंडा एक्ट, अवैध शराब, मादप पदार्थ, गोवध तस्करी आदि के बारे में पुलिस अधीक्षक से विस्तृत जानकारी लेते हुए अपराध में अत्यंत कमी लाने को कहा। 

बैठक के दौरान प्रभारी मंत्री ने समस्त अधिकारियों को अपने विभाग से संबंधित पूरी जानकारी के साथ ही बैठक में उपस्थित होने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी पूरी ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें एवं इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न करें। उन्होंने कार्यदाई संस्थाओं को भी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं को पात्र लाभार्थियों तक अवश्य पहुंचाएं किसी भी अपात्र को योजना का लाभ न मिले यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश प्रभारी मंत्री द्वारा दिए गए। बैठक के उपरांत मंत्री ने प्रेस वार्ता भी की एवं पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवालों का जवाब भी दिया।

बैठक के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज राय, जिलाधिकारी प्रवीण मिश्र, पुलिस अधीक्षक इलमारन, मुख्य विकास अधिकारी प्रशांत नागर, जिला विकास अधिकारी उमेश चंद्र तिवारी सहित समस्त जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow