केजीएमयू में AIPCON-2026 : फेफड़ों के कैंसर व उन्नत श्वसन उपचार पर अंतर्राष्ट्रीय मंथन

Feb 13, 2026 - 19:27
 0  30
केजीएमयू में AIPCON-2026 : फेफड़ों के कैंसर व उन्नत श्वसन उपचार पर अंतर्राष्ट्रीय मंथन

लखनऊ। किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) के पल्मोनरी एवं क्रिटिकल केयर मेडिसिन विभाग द्वारा 14-15 फरवरी 2026 को शताब्दी अस्पताल (फेज-2) के आठवीं मंजिल स्थित सभागार में AIPCON-2026 (एडवांस्ड इंटरवेंशनल पल्मोनोलॉजी कॉन्फ्रेंस) का आयोजन किया जाएगा। यह सम्मेलन इंडियन चेस्ट सोसाइटी एवं पल्मोक्रिट फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होगा, जिसमें देश-विदेश के विशेषज्ञ फेफड़ों के कैंसर तथा जटिल श्वसन रोगों के आधुनिक निदान व उपचार पर विचार-विमर्श करेंगे।

सम्मेलन का उद्देश्य इंटरवेंशनल पल्मोनोलॉजी को सुदृढ़ बनाना, फेफड़ों के कैंसर की शीघ्र पहचान को बढ़ावा देना तथा आधुनिक उपचार तकनीकों को चिकित्सा व्यवस्था में व्यापक रूप से लागू करना है। कार्यक्रम में लाइव केस डिमॉन्स्ट्रेशन, विशेषज्ञ व्याख्यान एवं कौशल आधारित कार्यशालाएं आयोजित होंगी, जिनमें ईबीयूएस-गाइडेड स्टेजिंग, क्रायोबायोप्सी, रिजिड ब्रोंकोस्कोपी, एयरवे स्टेंटिंग, थोरैसिक अल्ट्रासाउंड-गाइडेड इंटरवेंशन तथा मेडिकल थोराकोस्कोपी जैसी उन्नत प्रक्रियाओं का प्रदर्शन किया जाएगा।

सम्मेलन में अमेरिका के पल्मोनोलॉजिस्ट डॉ. आशुतोष सर्वदेव, अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान नई दिल्ली के प्रो. डॉ. करण मदान तथा पद्मश्री सम्मानित वरिष्ठ विशेषज्ञ प्रो. डॉ. डी. बेहेरा सहित अनेक राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय चिकित्सक भाग लेंगे।

15 फरवरी को आयोजित उद्घाटन समारोह में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री ब्रजेश पाठक मुख्य अतिथि होंगे तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सोनिया नित्यानंद करेंगी।

विशेषज्ञों के अनुसार कैंसर अनियंत्रित कोशिका वृद्धि से उत्पन्न गंभीर रोग है, जो समय पर जांच न होने पर शरीर के अन्य अंगों तक फैल सकता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार विश्व में फेफड़ों का कैंसर मृत्यु के प्रमुख कारणों में शामिल है, जिसमें तंबाकू सेवन, वायु प्रदूषण, असंतुलित जीवनशैली और संक्रमण प्रमुख जोखिम कारक हैं। जागरूकता, नियमित जांच और प्रारंभिक उपचार से बड़ी संख्या में जानें बचाई जा सकती हैं।

आयोजकों ने विश्वास व्यक्त किया कि AIPCON-2026 चिकित्सा विशेषज्ञों के लिए ज्ञान-विनिमय का प्रभावी मंच सिद्ध होगा तथा प्रदेश में उन्नत श्वसन चिकित्सा सेवाओं को नई दिशा प्रदान करेगा।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow