सीएम डैशबोर्ड समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने विकास कार्यों में तेजी लाने के दिये निर्देश

Feb 13, 2026 - 19:26
 0  23
सीएम डैशबोर्ड समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने विकास कार्यों में तेजी लाने के दिये निर्देश

अलीगढ़। जिलाधिकारी संजीव रंजन की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड के माध्यम से माह जनवरी की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने विभागीय अधिकारियों को जनहित से जुड़ी योजनाओं में तेजी लाने और निर्धारित समयसीमा में लक्ष्य पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने गांव और शहरों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति, खराब ट्रांसफार्मर का समयावधि में प्रतिस्थापन सुनिश्चित कराने पर जोर देते हुए शहर के गूलर रोड क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था अण्डरग्राउण्ड होने के बाद अनुपयोगी एवं निष्प्रयोज्य विद्युत लाइनों को शीघ्र हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब विद्युत लाइनें उपयोग में नहीं हैं तो उन्हें हटाने में विलंब नहीं होना चाहिए। कभी भी कोई अप्रत्याशित घटना घट सकती है। उन्होंने अधिशासी अभियंता विद्युत अंशुमान को तत्काल प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।

कृषि विभाग की समीक्षा में उपनिदेशक कृषि को फार्मर रजिस्ट्री का कार्य हर हाल में मार्च तक पूर्ण कराने को कहा गया। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लंबित 43 आवासों को फरवरी माह के अंत तक पूरा कराने के निर्देश दिए गए। सभी बीडीओ को जी राम जी (मनरेगा) श्रमिकों की शत-प्रतिशत ई-केवाईसी सुनिश्चित कराने के निर्देश देते हुए कहा गया कि आगे योजना में उन्हीं श्रमिकों का मस्टरोल तैयार होगा जिनकी ई-केवाईसी पूर्ण होगी।

निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए अधिशासी अभियंता आरईएस को समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने और ठेकेदारों की मनमानी पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश दिए गए। दिव्यांगजन अधिकारी को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल वितरण शीघ्र कराने को कहा गया। 

सामाजिक वनीकरण की समीक्षा में डीएफओ शिवम कुमार ने पौधारोपण लक्ष्य निर्धारण की जानकारी दी, जिस पर जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को विस्तृत कार्ययोजना बनाकर धरातल पर वास्तविक पौधारोपण एवं उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पशुपालन विभाग को संबंधित चरागाहों में हरे चारे की बुआई कराने और सभी गौशालाओं में स्थापित सीसीटीवी के लिए शीघ्र कंट्रोल रूम बनाने को कहा गया। निराश्रित महिला पेंशन के लंबित आवेदनों के शीघ्र सत्यापन के निर्देश देते हुए बताया गया कि लगभग 150 आवेदन विभिन्न स्तरों पर लंबित हैं। क्वारसी ऊपरगामी सेतु का निर्माण मार्च तक पूर्ण कराने का आश्वासन दिया गया। श्रम विभाग को लाभार्थियों की संख्या बढ़ाने और सामूहिक विवाह योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने, ई-ऑफिस के माध्यम से पत्राचार के समय सभी संलग्नकों को अटैच करने एवं वित्तीय वर्ष समाप्ति से पूर्व प्राप्त धनराशि का सदुपयोग सुनिश्चित करने को कहा।

विकास कार्यों की समीक्षा के क्रम में निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति भी परखी गई। यूपीआरएनएन ने क्रिटिकल केयर ब्लॉक निर्माण के लिए लगभग दो करोड़ रुपये की धनराशि प्राप्त होने और कार्य प्रगति पर होने की जानकारी दी। डिफेंस कॉरिडोर में सीवर कार्य पूर्ण होने और सिडको द्वारा आश्रम पद्धति विद्यालय का निर्माण मार्च तक पूरा करने की जानकारी दी गई। 

जिलाधिकारी ने शेष कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। बैठक में जननी सुरक्षा योजना, टेली रेडियोलॉजी, एम्बुलेंस सेवाएं, सीटी स्कैन, एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, फैमिली आईडी, पशुपालन, स्वच्छता, ग्रामीण स्टेडियम, सड़क निर्माण, कौशल विकास मिशन सहित विभिन्न योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।

इस अवसर पर सीडीओ योगेंद्र कुमार, डीडीओ आलोक आर्य, डीएसटीओ ए.के. दीक्षित, सीएमओ डॉ. नीरज त्यागी, उपनिदेशक कृषि चौधरी अरुण कुमार सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow