जमाकर्ता शिक्षा एवं जागरूकता कार्यशाला का हुआ सफल आयोजन
अमेठी। भारतीय रिज़र्व बैंक द्वारा प्रायोजित एवं Awoke India Foundation द्वारा संचालित जमाकर्ता शिक्षा एवं जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत कृषि भवन, ताला में एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया।
इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य किसानों, जमाकर्ताओं एवं आम नागरिकों को बैंकिंग सेवाओं के संबंध में उनके अधिकार एवं जिम्मेदारियों, सुरक्षित एवं स्वस्थ बैंकिंग प्रैक्टिस, वित्तीय जागरूकता तथा विभिन्न प्रकार की धोखाधड़ी से बचाव के उपायों के बारे में जानकारी प्रदान करना था। साथ ही प्रतिभागियों को शिकायत निवारण प्रणाली की विस्तृत जानकारी भी दी गई।
वक्ताओं ने इस अवसर पर बताया कि आज के समय में यह कार्यक्रम अत्यंत उपयोगी है क्योंकि किसान अक्सर धोखाधड़ी का शिकार होकर अपनी मेहनत की कमाई गंवा बैठते हैं। अतः “जानकार बनें, सतर्क रहें” की भावना को अपनाकर ही सुरक्षित बैंकिंग संभव है। कार्यशाला में केवाईसी एवं री-केवाईसी की अनिवार्यता, विभिन्न प्रकार के बैंक खातों की जानकारी, सुरक्षित डिजिटल बैंकिंग प्रणाली, ऋण संबंधी जानकारी आदि विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर Awoke India Foundation से आए विशेषज्ञों ने व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से प्रतिभागियों को जागरूक किया। कार्यशाला में कृषि एवं सम्बद्ध विभागों (उद्यान, मत्स्य, पशुपालन, मृदा परीक्षण एवं भूमि संरक्षण) के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ-साथ जनपद के प्रगतिशील कृषकों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के अंत में यह आह्वान किया गया कि प्रत्येक किसान और जमाकर्ता अपने अधिकारों एवं बैंकिंग प्रक्रियाओं के प्रति सजग रहें तथा समय-समय पर प्राप्त होने वाली जानकारियों को अपनाकर सुरक्षित वित्तीय जीवन सुनिश्चित करें।
What's Your Reaction?