जिलाधिकारी की अध्यक्षता में तहसील मुसाफिरखाना में आयोजित हुआ संपूर्ण समाधान दिवस

Nov 21, 2026 - 21:01
 0  11
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में तहसील मुसाफिरखाना में आयोजित हुआ संपूर्ण समाधान दिवस

अमेठी (संवाददाता)। जनसामान्य की शिकायतों एवं समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शनिवार को जनपद की चारों तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। 

तहसील मुसाफिरखाना में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने की। इस दौरान पुलिस अधीक्षक सरवणन टी ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों की सुनवाई करते हुए उनके प्रभावी निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। 

संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने एक-एक फरियादी की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समयसीमा के भीतर निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजी औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए। किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित रखना अथवा निस्तारण में लापरवाही बरतना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। 

जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप जनशिकायतों का प्रभावी निस्तारण शासन की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल है इसलिए सभी अधिकारी संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने निर्देश दिए कि भूमि विवाद एवं अन्य संवेदनशील मामलों में राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीमें मौके पर जाकर जांच करें तथा निष्पक्ष कार्रवाई करते हुए शिकायतों का समाधान कराएं। 

उन्होंने कहा कि विभागीय समन्वय के साथ प्रत्येक प्रकरण का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही, हीलाहवाली अथवा उदासीनता पाए जाने पर संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। संपूर्ण समाधान दिवस में भूमि विवाद, राजस्व, पुलिस, विकास, विद्युत, पेंशन, आवास एवं विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। 

जनपद की चारों तहसीलों में कुल 96 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 10 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। तहसील मुसाफिरखाना में 24 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 3 का मौके पर निस्तारण किया गया। तहसील गौरीगंज में 40 शिकायतों में से 5, तहसील अमेठी में प्राप्त 25 शिकायतों तथा तहसील तिलोई में प्राप्त 7 शिकायतों में से 2 का निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए तथा राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीमों को मौके पर जांच के लिए भेजा गया। 

इस दौरान जिलाधिकारी ने समस्त जनपदीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे प्रतिदिन अपने-अपने कार्यालयों में प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक नियमित रूप से जनसुनवाई करें। जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर दर्ज करते हुए उनका समयबद्ध एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करें, ताकि आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। 

संपूर्ण समाधान दिवस के उपरांत जिलाधिकारी ने, तहसील परिषर में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत लगे कैंप का निरीक्षण कर अब तक फार्म आठ व फॉर्म 6 की जानकारी ली साथ ही जिलाधिकारी ने स्वगणना सहायता, पेंशन योजना, विद्युत बिल संशोधन, स्वास्थ्य परीक्षण, मिशन शक्ति, अंश सुधार व संशोधन के लगे हुए कैंपों का निरीक्षण किया एवं संबंधित को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने समस्त संबंधित को निर्देशित किया कि जो भी कैंप में निस्तारण योग्य है उसे तत्काल निस्तारण किया जाए तथा आवेदक को जानकारी दे। 

इस अवसर पर उपजिलाधिकारी मुसाफिरखाना नितेश राज, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंशुमान सिंह, तहसीलदार मुसाफिरखाना अमित सिंह सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow