नंदबाबा पुरस्कार से सम्मानित हुई डीएम संजीव रंजन की टीम

Feb 23, 2026 - 20:24
 0  19
नंदबाबा पुरस्कार से सम्मानित हुई डीएम संजीव रंजन की टीम

अलीगढ। निराश्रित गोवंश संरक्षण, संवर्धन एवं प्रभावी प्रबंधन के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए जिले को लखनऊ स्थित गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित गौ संवर्धन समागम-2026 में प्रतिष्ठित नंदबाबा पुरस्कार से सम्मानित किया गया। प्रदेश के पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह, अपर मुख्य सचिव मुकेश मेश्राम एवं दुग्धायुक्त के0 धनलक्ष्मी द्वारा जिलाधिकारी संजीव रंजन, मुख्य विकास अधिकारी योगेंद्र कुमार एवं मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ0 दिवाकर त्रिपाठी को सम्मानित किया गया।

पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह ने निराश्रित गोवंश संरक्षण, संवर्धन एवं प्रबंधन के क्षेत्र में उत्कृष्ट नवाचारों और अनुकरणीय कार्यों के लिए सम्पूर्ण अलीगढ़ टीम की खुलकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि अलीगढ़ द्वारा अपनाई गई प्रभावी कार्यशैली और सतत मॉनिटरिंग व्यवस्था अन्य जिलों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। प्रदेश स्तर पर व्यापक मूल्यांकन के उपरांत मात्र पांच जिले अलीगढ़, अमरोहा, जालौन, हरदोई एवं रायबरेली का चयन इस सम्मान के लिए किया गया। चयन का आधार गौआश्रय स्थलों का सुदृढ़ संचालन, पशुओं की समुचित देखभाल, पोषण एवं उपचार की बेहतर व्यवस्था, पारदर्शी प्रबंधन प्रणाली एवं नवाचार आधारित कार्यप्रणाली रही।

जिलाधिकारी संजीव रंजन एवं सीडीओ योगेंद्र कुमार ने इस उपलब्धि को जिले की समर्पित प्रशासनिक टीम, पशुपालन विभाग, स्थानीय निकायों एवं गौसेवकों के संयुक्त प्रयासों का परिणाम बताया। सीवीओ डॉ0 त्रिपाठी ने कहा कि भविष्य में भी गौ संरक्षण को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए नवाचार एवं पारदर्शिता आधारित व्यवस्थाओं को निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा। यह सम्मान जिले की कार्यसंस्कृति, प्रतिबद्धता और जनसहभागिता का प्रतीक है, जिसने जिले को प्रदेश के अग्रणी जिलों की श्रेणी में स्थापित किया है। 

सम्मान समारोह के दौरान तहसील इगलास के ग्राम मोहनपुर स्थित गौशाला के संचालक स्वामी सत्यानंद दास एवं उनकी धर्मपत्नी भी उपस्थित रहीं। उनकी सहभागिता ने प्रशासन और समाज के समन्वित प्रयासों की भावना को सशक्त किया।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow