जिलाधिकारी ने किया थाना कुरारा का निरीक्षण
हमीरपुर। जिलाधिकारी घनश्याम मीना ने थाना कुरारा का वार्षिक निरीक्षण किया। सर्वप्रथम गार्ड द्वारा जिलाधिकारी को सलामी दी गई। तत्पश्चात उन्होंने थाने के कार्यालय, लॉकअप, अपराध रजिस्टर, मिशन शक्ति कक्ष, साइबर हेल्प डेस्क, सीसीटीएनएस कक्ष, विवेचना कक्ष, ई-मालखाना, पुलिस भोजनालय तथा थाने में स्थापित सीसीटीवी कैमरों आदि का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान अभिलेखों का गहन परीक्षण करते हुए उन्हें समयबद्ध एवं अद्यतन रखने हेतु निर्देशित किया गया।
निरीक्षण के दौरान एससी/एसटी रजिस्टर का अवलोकन कर संबंधित प्रकरणों में प्रभावी एवं संवेदनशील कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। महिला सुरक्षा से संबंधित अभिलेखों एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा कर महिला शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण तथा महिला हेल्प डेस्क को सक्रिय एवं संवेदनशील बनाए रखने हेतु निर्देशित किया गया।
साथ ही उन्होंने शस्त्रागार का निरीक्षण कर शस्त्रों की साफ-सफाई, रख-रखाव एवं अभिलेखों के समुचित संधारण के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किये। थाना परिसर की साफ-सफाई का निरीक्षण कर संबंधित को स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिये।
जिलाधिकारी ने थाना प्रभारी एवं अन्य पुलिस कर्मियों को निर्देश दिये कि थाने पर आने वाले फरियादियों/पीड़ितों के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए तथा उनकी समस्याओं का त्वरित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित की जाए।
इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक थाना कुरारा एवं अन्य संबंधित अधिकारी/कर्मचारीगण आदि उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?