सीएम डैशबोर्ड में हमीरपुर नंबर-1 पर, ‘राजस्व व विकास’ में रचा नया इतिहास

Apr 11, 2026 - 19:38
 0  13
सीएम डैशबोर्ड में हमीरपुर नंबर-1 पर, ‘राजस्व व विकास’ में रचा नया इतिहास

हमीरपुर, संवाददाता। वित्तीय वर्ष 2025-26 के समापन माह मार्च में जनपद हमीरपुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री डैशबोर्ड (सीएम डैशबोर्ड) की प्रदेश स्तरीय रैंकिंग में ‘राजस्व एवं विकास’ के संयुक्त इंडेक्स के साथ-साथ ‘विकास कार्यों’ की अलग श्रेणी में भी पूरे उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त कर नया इतिहास रच दिया है।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी वित्तीय वर्ष 2024-25 के मार्च माह में जनपद ने प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया था। मार्च माह की यह रैंकिंग पूरे वर्ष के प्रदर्शन का वास्तविक प्रतिबिम्ब मानी जाती है। इस दौरान जनपद ने मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप लगभग सभी फ्लैगशिप योजनाओं में ग्रेड ‘ए’ और अधिकतम अंक प्राप्त किए। इससे यह स्पष्ट हुआ कि हमीरपुर में ई-गवर्नेंस, डेटा की शुद्धता और धरातलीय क्रियान्वयन का प्रभावी समन्वय स्थापित है।

जिलाधिकारी के कुशल नेतृत्व में अधिकारियों, तकनीकी टीम और कलेक्ट्रेट स्थित कंट्रोल रूम के कर्मियों ने दिन-रात मेहनत करते हुए डेटा मॉनिटरिंग और पोर्टल प्रबंधन को सुदृढ़ बनाया। सीमित संसाधनों के बावजूद जनपद ने प्रदेश के सभी 75 जिलों को पीछे छोड़ते हुए सुशासन का उत्कृष्ट उदाहरण पेश किया। मुख्यमंत्री डैशबोर्ड के मानकों - समयबद्धता, गुणवत्ता और लाभार्थियों की संतुष्टि - पर जनपद के अधिकांश विभागों ने शत-प्रतिशत अंक हासिल किए। खासतौर पर राजस्व संग्रहण, बुनियादी ढांचा विकास और सामाजिक कल्याण योजनाओं में हमीरपुर ने अन्य जिलों के लिए एक मजबूत मानक स्थापित किया है। 

इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर जिलाधिकारी ने समस्त अधिकारियों, तहसील प्रशासन और कंट्रोल रूम कर्मियों को बधाई देते हुए इसे टीम वर्क और अनुशासन का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि यह सफलता भविष्य में और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करेगी तथा पारदर्शी और भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन के लक्ष्य को और मजबूती देगी।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow